सुल्तानपुर: वरुण गांधी के संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर में प्रियंका गांधी की टीम के द्वारा भूख हड़ताल ये खबर सुनने में थोड़ी अटपटी लग सकती है क्योंकि, प्रियंका गांधी का नजरिया वरुण गांधी के प्रति सॉफ्ट रहा है. लेकिन ये सच है. सुल्तानपुर से बीजेपी सांसद वरुण गांधी के संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस की महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी की टीम के दो कांग्रेसी सिपाही भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं.
हड़ताल में शामिल हो सकती हैं प्रियंका गांधी
इस हड़ताल की खास बात ये कि, इस हड़ताल का कदम प्रियंका गांधी के निर्देश पर ही उठाया गया है. बताया जा रहा है कि, खुद प्रियंका गांधी भी कांग्रेस के इन सिपाहियों की हड़ताल में शामिल हो सकती हैं.
भूख हड़ताल की वजह…
दरअसल, हाईवे पर होने वाले बड़े हादसों के बाद लोगों को समय पर बेहतर इलाज की सुविधाओं के लिए तत्कालीन अखिलेश सरकार ने सूबे के कई जिलों में ट्रामा सेंटर बनाए जाने की घोषणा की थी. इसी क्रम में सुल्तानपुर जिला भी था. इस घोषणा के मुताबिक साल 2013-14 में लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग स्थित कांशीराम कालोनी के पास 119.26 लाख रुपए की लागत से ट्रामा सेंटर बनाए जाने का बजट पास हुआ था. जून 2015 में ट्रामा सेंटर की बिल्डिंग भी बनकर तैयार हो गई लेकिन उपकरणों के अभाव में पिछले साल तक इसमें चिकित्सीय सेवा शुरू नहीं हो सकीं फिर जनवरी 2018 में सांसद वरुण गांधी ने अपनी सांसद निधि से डिस्ट्रिक हॉस्पिटल की इमरजेंसी और ट्रामा सेंटर के लिए करीब सवा करोड़ रुपए की निधि से उपकरण दिए थे. उपकरण पहुंच भी गए डॉक्टर और स्टाफ भी यहां पोस्ट हो गए लेकिन अधिकारिक तौर पर इस ट्रामा सेंटर का संचालन आजतक शुरू नहीं हो सका. नतीजा ये हुआ कि, उपकरण धूल फांक रहे हैं.
‘टीम प्रियंका’ के कौन सदस्य भूख हड़ताल पर हैं

इधर जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे राजनीति भी गर्म होना शुरू हो गई है. शहर कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत सिंह सलूजा और महासचिव मोहसिन सलीम ने अस्पताल प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से मामले की शिकायत की.लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी संज्ञान नही लिया गया.इसके बाद से ये दोनों हाल ही में लखनऊ आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मिले और उन्हें यहां की स्थिति से अवगत कराया. इन लोगो के मुताबिक प्रियंका गाँधी के निर्देश पर जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए सोमवार से ये दोनों ही नेता तिकोनिया पार्क में दरी बिछाकर भूख हड़ताल पर गए हैं. भूख हड़ताल पर बैठने से पहले दोनों नेताओं ने कांग्रेस के नेताओं के साथ मिलकर पार्क में लगी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
सुल्तानपुर से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
