बरेली: केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और बरेली से सांसद को बीजेपी के गढ़ और उत्तर प्रदेश के वित्तमंत्री राजेंद्र अग्रवाल के मोहल्ले से महज 5 वोट मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. और ये मामला अब चुनाव आयोग तक जा पहुंचा है. चारों ओर चर्चा है कि, आखिर बीजेपी के गढ़ में साइकिल कैसे दौड़ गई. संतोष गंगवार के आऱोपों के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय का स्टाफ मतगणना से जुड़े अभिलेखों का खंगालने में जुटा है
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह को पत्र लिखकर कहा था कि, कालीबाड़ी मोहल्ले के तमाम लोगों ने उन्हें बताया कि, विष्णु बाल सदन के बूथ नंबर 290 पर जाकर उन्हें अपना वोट दिया था. लेकिन लोकसभा चुनाव की मतगणना में बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर मुझे महज 5 वोट मिले थे और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को 583 वोट मिले थे. ऐसे में मुझे गिनती में चूक प्रतीत हो रही है. और अगर ऐसा जानबूझकर किया है तो मतगणना करने वाले जिम्मेदार कर्माचरियों के खिलाफ कार्रवाई कर गिनती दुरुस्त करें.
यूपी के वित्तमंत्री का है ये मोहल्ला
दरअसल, बूथ वाला ये मोहल्ला उत्तर प्रदेश के वित्तमंत्री राजेंद्र अग्रवाल का है. बूथ के पास ही उनका घर है और वो अपना वोट यहीं डालते हैं. इस मोहल्ले को बीजेपी का गढ़ भी कहा जाता है ऐसे में बीजेपी को केवल 5 वोट और समाजवादी पार्टी के 583 वोट मिलना संतोष गंगवार के गले नहीं उतरा. और उन्होंने इस मुद्दे को उठाया है.
सपा ने बीजेपी को घेरा
बीजेपी सांसद और केद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के जरिए एक बूथ पर संदेह जताने के बाद बरेली से सपा प्रत्याशी रहे भगवत सरन गंगवार ने भी चुनाव में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है. भगवत सरन ने कहा कि, केंद्रीय मंत्री ने ये मुद्दा उठाकर हमारे आरोपों की पुष्टि कर दी है. हम तो पहले से ही चुनाव में गड़बड़ी की बात कह रहे हैं. अब साफ हो गया है कि, EVM मशीन में गड़बड़ी करके चुनाव जीता जा रहा है. हम इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी की जांच तक इंतजार करेंगे. उसके बाद इस मामले को केंद्रीय चुनाव आय़ोग तक लेकर जाएंगे, हम मांग करते हैं कि, मतपत्रों के जरिए ही चुनाव कराए जाएं.
