लखनऊ : शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बाद आज अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की आज अयोध्या में धर्मसभा होने वाली है. इस सभा के लिए अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. एहतियात के तौर पर प्रशासन की ओर से भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है. इतना ही नहीं सुरक्षा में कोई चूक न हो इसलिए पूरे शहर पर ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जा रही है.धर्मसभा के मद्देनजर 13 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
क्या है विहिप का अयोध्या कार्यक्रम
विश्व हिंदू परिषद की धर्म सभा 25 नवंबर को 11 बजे से 4 बजे तक चलेगी धर्म सभा. बड़ा भक्तमाल के बाग में होगी विराट धर्म सभा. देश के नामी संत महंत, विश्व हिंदू परिषद के उच्च पदाधिकारी,आर एस एस के उच्च पदाधिकारी,बजरंग दल के पदाधिकारी व अन्य हिंदू संगठन के पदाधिकारी समेत एक लाख से ज्यादा राम भक्त होंगे शामिल. 13 जगहो पर बनाया गया पार्किंग स्थल.
यह भी पढ़ें : राममंदिर नहीं, अयोध्या में इस वजह से आमने हैं शिवसेना और बीजेपी!
डरा हुआ है मुस्लिम समुदाय
अयोध्या में राजनैतिक सरगमीं बढ़ने से स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोग डरे हुए हैं. शुक्रवार को ही मुस्लिम लोगों ने घरों में जरूरी समानों का स्टॉक जमा कर लिया था. सोशल मीडिया के जरिए लोगों को घरों से न निकलने की सलाह दी जा रही है. हर कोई अपने-अपने घरों में सुरक्षित हो चुके हैं. कई लोगों को इस बात का डर है कि कहीं 6 दिसंबर 1992 की घटना फिर से न घटित हो जाए.
यह भी पढ़ें : योगी ने बदला फैजाबाद का नाम, तो खुश हो गया मुस्लिम समुदाय!
2 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मदी
रविवार को विहिप के कार्यक्रम में लगभग 2 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. विहिप ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अयोध्या की विवादित भूमि पर राम मंदिर निर्माण के लिए यह उनकी आखिरी धर्मसभा है. आखिरी धर्मसभा के कारण इस कार्यक्रम के लिए आरएसएस और विहिप दोनों की तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है.

छावनी में तब्दील हुई रामनगरी
दो दिनों में शिवसेना और विहिप के कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन अलर्ट ह गया है. चारों तरफ कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है. किसी तरह की अनहोनी न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मुताबिक, अयोध्या में 70 हजार जवानों की तैनाती की गई है. सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जा रही है.
