नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर में रविवार शाम को हुई बारिश ने थोड़ी ठंड बढ़ा दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश की भविष्यवाणी की है. राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने हरियाणा के रेवाड़ी और उत्तर प्रदेश के किठौर में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होने की भी भविष्यवाणी की है.
रात 11.10 बजे पोस्ट किए गए एक ट्वीट में, राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने कहा, “रेवाड़ी (हरियाणा) किठौर (यूपी) के आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होगी. दिल्ली, एनसीआर (ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, बल्लभगढ़) करनाल, पानीपत, सोहाना, पलवल, नूंह, औरंगाबाद, होडल (हरियाणा) गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, गुलाटी, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद, शिकारपुर, खुर्जा (यूपी) खैरथल (राजस्थान) के अलग-अलग इलाकों में और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी.”
वैसे तो दिल्ली और आसपास के इलााकों में पिछले तीन दिन से आसमान में काले बादल छाए हुए थे. वहीं, इस समय पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों और खासकर उत्तर भारत में दिख रहा है. इस बीच पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रविवार को दिल्ली-एनसीआर के साथ हरियाणा और यूपी समेत कई राज्यों में बारिश हुई.
