बुलंदशहर : यूपी के बुलंदशहर से पकड़े गए आईएसआई एजेंट ने पूछताछ के दौरान जो खुलासे किये हैं वे दिलदहला देने वाले हैं. उसने जिस तरह के खुलासे किए हैं वे पाकिस्तान की पोल खोलने और उसके मंसूबे को उजागर करने के लिए काफी हैं. आईएसआई एजेंट ने बताया की आतंकी भारत के किस राज्य को दहलाने की फिराक में थे. आपको भी जानिए इस खुलासे के बारे में.
हरियाणा के दो शहर को दहलाने की थी साजिश
पुलिस की पूछताछ में आईएसआई एजेंट जाहिद ने खुलासा किया कि पाकिस्तान ने एक ऐसी साजिश रची थी जिससे हरियाणा के दो शहर दहल उठते. साजिश के खुलासे के मुताबिक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई रोहतक और हिसार में बड़ा धमाका करने की फिराक में थी. हालांकि, किस आईएसआई एजेंट से जाहिद को रोहतक में मिलना था इसका खुलासा नहीं हो पाया है. इस बारे में पुलिस ने अपनी जांच और तेज कर दी है. जाहिद के बारे में बता दें कि उसे 3 दिन पहले गिरफ्तार किया गया था जो बुलंदशहर के खुर्जा कस्बे का रहने वाला है. जिसके खिलाफ देशद्रोह समेत कई धाराओं में केस भी दर्ज किया गया है.
खुलासे के बाद हरियाणा पुलिस अलर्ट
वहीं धमाके की जानकारी के बाद हरियाणा पुलिस अलर्ट हो गयी है और बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी के बारे में पता लगाने में जुट गयी है. जल्द ही रोहतक पुलिस मेरठ और बुलंदशहर जाकर एजेंट से पूछताछ करने वाली है. साथ ही पहले जासूसी के आरोप में पकड़े गए सुनारिया जेल में बंद गौरव नाम के शख्स से भी पूछताछ की जा सकती है.
रोहतक के एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि इस बारे में मेरठ पुलिस से मुलाकात की जा सकती है और जरूरत पड़ी तो जासूस से मेरठ जाकर भी पूछताछ की जाएगी. आपको बता दें कि सोनीपत के रहने वाले गौरव पर महिला आईएसआई एजेंट से सेना की गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप है. वहीं, गौरव ने पुलिस गिरफ्त में आने से पहले ही अपना मोबाइल जमीन पर पटकर तोड़ दिया था. जिससे ज्यादा जानकारी हाथ नहीं लग सकी.
