अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिर के दर्शन किए और पूजा अर्चना करने के बाद सीएम ने कहा कि अयोध्या में मंदिर था, मंदिर है और मंदिर हमेशा रहेगा. इसमें कोई संदेह वाली बात नहीं है. जो भी अयोध्या आता है रामलला के दर्शन किए बिना नहीं जाता. अयोध्या में मंदिर बनने के सवाल पर योगी ने कहा, ”जहां तक राम मंदिर की बात है, संवैधानिक दायरे में रह कर ही सरकार काम करेगी.”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरयु तट पर 151 फीट राम का मंदिर बनाए जाने पर कहा, ”भगवान राम की दर्शनीय मूर्ति लगे, इसके लिए मैंने दो जगहों को देखा है. पूजनीय मूर्ति मंदिर में होती है लेकिन ये दर्शनीय होगी. जिससे अयोध्या की पहचान हो सके.” सरयू तट पर तीन लाख मिट्टी के दीयों को जलाने पर योगी ने कहा, ”अयोध्या हमारे धर्म में पावन भूमि रही है. दीपोत्सव से हमने इसको बताने और जताने का प्रयास किया है. इसका दूसरा संस्करण समाप्त हुआ. पिछली बार जब हमने ये किया तो कई तरह की आशंकाएं थी. मैंने कई जगह अयोध्या में आज सर्वेक्षण किया. आनेवाले कुछ सालों में अयोध्या दुनिया की बेहतरीन नगरी में विकसित होगी.”

माता कौशल्या के नाम पर आश्रम
योगी ने कहा कि यहां विधवा और अनाथ बच्चों को लिए एक आश्रम बनाने की योजना है. ये आश्रम माता कौशल्या के नाम पर होगा.सीएम योगी ने कहा अयोध्या हमारी सात धार्मिक पवित्र नगरियों में से एक है. ये श्रद्धा का एक प्रमुख केंद्र है. यहां की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को हमने दुनिया के सामने रखा है. इससे बहुत अच्छा संदेश पूरी दुनिया में गया है. योगी ने कहा कि इस वर्ष हमने दक्षिण कोरिया को निमंत्रण दिया था. कोरिया की प्रथम महिला का अयोध्या आना हमारे लिए गौरव की बात है.

अयोध्या दुनिया के बेहतरीन शहरों में एक होगा
योगी ने कहा कि अयोध्या में विकास के लिए हम हरसंभव कोशिश में लगे हैं. इन योजनाओं को व्यवाहरिक धरातल पर उतारने के लिए हमने स्वयं निरीक्षण किया है. हमारा विश्वास है कि आने वाले कुछ सालों में अयोध्या दुनिया की बेहतरीन नगरी के रूप में स्थापित होगी. इसके जरिए आसपास के इलाकों में विकास होगा. सरयू नदी के पवित्र जल को अविरल बनाने के दिशा में कदम उठा रहे हैं.
