नई दिल्ली. कोरोना काल में गरीबों को मुफ्त में राशन (Free Ration) देने के लिए केंद्र सरकार ने जिस योजना को शुरू किया था उसे अब अगले साल मार्च तक बढ़ा दिया गया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को मार्च तक लागू रखने का फैसला हुआ है.
पहले इस योजना को नवंबर अंत तक लागू किया गया था और ऐसी आशंका थी कि सरकार नवंबर के बाद इसे आगे नहीं बढ़ाएगी लेकिन अब सरकार ने और 4 महीने तक अन्य योजना के तहत राशन देने का फैसला किया है.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ”कैबिनेट बैठक में निर्णय किया गया है कि कोविड महामारी के चलते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत देश के लगभग 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को 5 किलो गेंहू और चावल मुफ्त में देने की योजना जो मार्च 2020 से लेकर अब तक देने का काम किया है.
गौरतलब है कि पिछले साल से ही केंद्र सरकार की ओर से इस स्कीम के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त राशन मुहैया कराया जा रहा है. प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की घोषणा पिछले साल मार्च में की गई थी. शुरू में यह योजना अप्रैल-जून 2020 की अवधि के लिए शुरू की गई थी, लेकिन बाद में इसे 30 नवंबर, 2021 तक बढ़ा दिया गया था.
