अलीगढ़: खैर कोतवाली क्षेत्र में एक प्रेमी की करतूत उसके पिता पर भारी पड़ गई. दरअसल हुआ यूं कि, गांव बांकनेर में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर जा पहुंचा. जिसकी भनक पड़ोसियों को लग गई. प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने दबोच लिया और बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की गई और आंख व पसलियां तक तोड़ दीं. सूचना पाकर बेटे को बचाने पहुंचे युवक के पिता को भी लोगों ने जमकर पीटा
अस्पताल में इलाज जारी
ग्रामीणों ने युवक और उसके पिता को इतना पिटा कि दोनों लोग बुरी तरह घायल हो गए. जिससे रात में ही जेएन मेडिकल कॉलेज से गंभीर हालत में दोनों को दिल्ली रेफर कर दिया गया. फिलहाल गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात है.
रामलीला देखने गया था परिवार
जिस रात ये घटना हुई उस रविवार की रात को युवती का परिवार गांव में आयोजित रामलीला का मंचन देखने गया था. तभी मौका पाकर युवक अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया और करीब तीन घंटे तक वह प्रेमिका के घर पर रहा. इसी बीच किसी ग्रामीण ने उसे घर में घुसते देख लिया था. उसने कुछ ग्रामीणों को यह बात बताई. फिर युवती के घर के बाहर गांव के लोग उस युवक के निकलने का इंतजार करने लगे. देर रात प्रेमिका के घर से बाहर निकलते ही ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया. बंधक बनाकर जमकर पीटा. बताते हैं कि इस पिटाई से युवक की आंख में गंभीर चोट आई है और पसलियां भी टूट गईं.
बेटे को बचाने पहुंचे पिता की भी पिटाई
ग्रामीण ने फोन कर युवक के पिता को सूचना दी तो पिता भागते हुए गांव पहुंच गए. आक्रोशित ग्रामीण उन पर भी हमलावर हो गए. मारपीट कर उन्हें भी बुरी तरह घायल कर दिया.
