दिल्ली/लखनऊ: बिहार में सरकार के बदलाव से उत्साहित विपक्षी खेमे में आए दिन ऐसी खुमारी देखने को मिल रही है. नीतीश कुमार के पाला बदलने पर विपक्षी नेताओं ने इसे अच्छी पहल बताया था और इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के एक ‘ऑफर’ ने उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों का पारा एकदम से गरमा दिया है. दरअसल, अखिलेश यादव ने यूपी सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को CM बनाने का एक ‘खास ऑफर’ दिया है।
100 विधायक लाओ, CM बन जाओ: अखिलेश यादव
दरअसल, एक कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि, “डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को योगी सरकार में वो सम्मान नहीं मिल पा रहा है जिसके वो हकदार हैं, बीजेपी ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की बात कही थी लेकिन कुछ नहीं दिया. आज भी अगर वो अपने साथ 100 विधायक लेकर आ जाएं तो समाजवादी पार्टी उनका समर्थन कर देगी और वो मुख्यमंत्री बन सकते हैं”
“हिम्मत दिखाएं, बिहार से सबक लें”
“अखिलेश यादव ने सीधा ऑफर देते हुए कहा कि, केशव प्रसाद मौर्य बिहार से सीख लें, जो बिहार में हुआ वो यूपी में क्यों नहीं कर सकते है. अगर उनमे हिम्म्त है और उनके साथ विधायक हैं तो विधायक ले आएं. एक बार वो बता रहे थे कि, उनके पास 100 से ज्यादा विधायक हैं”
ऑफर पर बोले केशव मौर्य
अखिलेश यादव के इस ऑफर पर केशव प्रसाद मौर्य का भी जवाब आया है. केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि, जिस तरह पानी से निकलने के बाद मछली तड़पती है ठीक उसी तरह अखिलेश यादव भी सत्ता के लिए तड़प रहे हैं, 25 साल तक उनकी सरकार नहीं आने वाली, अखिलेश यादव के ऑफर पर केशव मौर्य ने उन्हें अपनी पार्टी और संगठन बचाने की सलाह भी दी ।
बीजेपी भी हुई अखिलेश पर आक्रामक
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को दिए गए ऑफर के बाद भारतीय जनता पार्टी भी अखिलेश यादव पर आक्रामक दिखाई दी है. प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने ट्वीट किया है कि,
“केशव जी संगठन के, पार्टी के प्रमाणित एवं बाजपा की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं. वह सदैव हमारे साथ रहेंगे. (वह) किसी स्वार्थ में पड़ने वाले नेता नहीं है. वह अखिलेश यादव को चलाएं, अखिलेश यादव उन्हें क्या चला पाएंगे. अखिलेश यादव अपने गठबंधन-अपने परिवार-पार्टी औऱ अपने विधायकों की चिंता कर लें, क्योंकि, उनके विधायक हमारे संपर्क में हैं”
