ALIGARH: पश्चिमी एशिया में बने हालात के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Pm Modi ) द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील अब जमीन पर असर दिखाने लगी है. इसका ताजा और नया उदाहरण हाथरस से सांसद अनुप प्रधान वाल्मीकि ने पेश किया है. उन्होंने अपने निजी काफिले और लग्जरी वाहनों को छोड़ रोडवेज बस से सफर कर आम जनता के बीच एक सशक्त संदेश देने का प्रयास किया. उनकी यह फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है ।
बस में अलीगढ़ से हाथरस गए सांसद

दरअसल, गुरुवार को हाथरस सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि अलीगढ़ (Aligarh ) स्थित अपने आवास से हाथरस जाने के लिए निकले. इस दौरान उन्होंने निजी वाहन के बजाय उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस सेवा को चुना. सांसद को बस में सफर करते देख यात्रियों में भी उत्सुकता दिखाई दी. कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जबकि कुछ यात्रियों ने इसे जनप्रतिनिधियों के लिए सकारात्मक पहल बताया ।
क्या बोले सांसद अनूप प्रधान
इस दौरान सांसद ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल भाषणों में नहीं, बल्कि व्यवहारिक जीवन में बदलाव लाने की बात करते हैं. ऐसे में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे खुद उदाहरण बनें. उन्होंने कहा कि यदि सक्षम लोग भी सार्वजनिक परिवहन अपनाएंगे तो इससे ईंधन की बचत होगी, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार महंगे होते ईंधन के दौर में सार्वजनिक परिवहन ही भविष्य का सबसे बेहतर विकल्प है. सांसद की रोडवेज यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जहां लोग उनकी सादगी और पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं ।
