अलीगढ़: जिले में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. हालत ये है कि, पुलिस पस्त और बदमाश मस्त हैं. ताजा घटनाक्रम में जट्टारी में भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय पंडित के इकलौते पुत्र की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद से जिले में काफी आक्रोश है. आक्रोशित जनता ने हत्या के विरोध में आज जिले के कस्बा जट्टारी के मुख्य बाजार को बंद रखा.
बता दें कि विजय पंडित के 18 वर्षीय बेटे नमन की हत्या गोली मारकर कर दी गई है. ये हत्या उसके घर के बाहर की गई. हादसे के वक्त के वक्त नमन घर के बाहर बाहर था. तभी पांच-छ: बाइक सवार बदमाशों ने नमन को घेर लिया और गोली मारकर फरार हो गए. घायल अवस्था में नमन को अस्पताल भी ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई. घटना की खबर सुनते ही इलाके में रोष उत्तपन्ने हो गया. तमाम लोगों ने गुस्से का इजहार करते हुए अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए. और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.
स्कूल में हुआ था झगड़ा
बताया जा रहा है कि, कस्बे के ही श्रीजी पब्लिक स्कूल में नमन 12वीं का छात्र था. स्कूल में उसका कुछ लड़कों से झगड़ा हो गया था. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि, स्कूली दोस्तों से झगड़ा होने की वजह से हमलावरों ने उसे मार डाला. गोलियों की गूंज पर दौड़े परिवार के लोगों ने जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डेढ़ घंटे बाद उसकी मौत हो गई.
पुलिस जांच में जुटी
दरअसल, नमन घटना से पहले शादी समारोह में भी गया था. लेकिन लौटते वक्त करीब 10 बजे दो बाइक पर आए छह हमलावरों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौच करते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं. नमन के पेट से दो गोलियां पार हो गईं. टप्पल इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि परिजनों ने पड़ोसी गांव उसरह के सागर नाम के युवक पर शक जताया है. पुलिस मामला दर्ज कर उसका पता लगा रही हैं.
