बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में हुई हिंसा और इंस्पेक्टर की हत्या मामले को लेकर सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ऐक्शन में हैं. इसके अलावा मंगलवार को लखनऊ में बीजेपी नेता की हुई हत्या मामले पर भी सीएम योगी ने कड़ा रुख अपनाया है. सीएम योगी ने मंगलवार की देर रात अफसरों को तलब किया और कड़े निर्देश देते हुए बुलंदशहर हिंसा के दौरान मारे गए सुमित और लखनऊ में मारे गए बीजेपी नेता प्रत्यूष मणि के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने का ऐलान किया.
गोकशी में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश
बुलंदशहर की घटना की समीक्षा करने के दौरान सीएम योगी ने घटना की गंभीरता से जांच कर गोकशी में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि बुलंदशहर की घटना एक बड़ा षड्यंत्र है. ऐसे में गौकशी में लिप्त सभी को समयबद्ध रूप से गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने बताया कि जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि ज़िले स्तर पर ऐसे अवैध कार्य न हो ये उनकी जिम्मेदारी होगी.
यह भी पढ़ें : बुलंदशहर बवाल में बहुत बड़ा खुलासा, इंस्पेक्टर सुबोध और समित की मौत में नया मोड़ !
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को इस आदेश का अनुपालन कराने को कहा और निर्देश दिए कि प्रदेश का माहौल खराब करने वाले तत्वों को बेनकाब कर कड़ी कार्रवाई की जाए. सीएम योगी ने लखनऊ में हुई बीजेपी नेता प्रत्यूष मणि की हत्या को लेकर भी अफसरों को जवाब-तलब किया. उन्हें अफसरों ने जानकारी दी कि इस हत्या कांड में 2 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकियों को गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है.
यह भी पढ़ें : बदल गया बुलंदशहर का नाम, अब कहलाएगा ‘बर्बादशहर’!
बैठक में ये अधिकारी हुई शामिल
सीएम योगी ने बाकी के सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने का आदेश दिया और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. सीएम हाउस पर हुई बैठक में मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय, अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार, डीजीपी ओम प्रकाश सिंह, एडीजी कानून व्यवस्था आनंद कुमार और डीजी इंटेलीजेंस भवेश कुमार मौजूद थे और उन दोनों घटनाओं को लेकर चर्चा कर रहे थे.
