नई दिल्ली : युवाओं के वोट साधने के लिए राहुल गांधी जी जान से कोशिश कर रहे हैं और इसी प्रयास के तहत वो पहुंचे महाराष्ट्र के पुणे. जहां उन्होंने छात्रों से संवाद किया और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कई मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए. उन्होंने कई ऐसे निजी सवालों के भी जवाब दिए जिन्हें काफी समय से तलाशा जा रहा था. इसके साथ साथ अभी चुनावी मौसम है तो उनहोंने राजनीति और लोकसभा चुनाव से जुड़े सवालों के भी बेबाकी से जवाब दिए. निजी सवालों की बात करें तो उन्होंने खुद की शादी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े सवाल के भी काफी दिलचस्प जवाब दिए. आइए राहुल गांधी के इन जवाबों को समझते हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने तुरंत ही एक बेहतरीन जवाब दिया. उन्होंने कहा आई लव मिस्टर नरेंद्र मोदी, मुझे उनसे कोई नाराजगी नहीं है. राहुल ने कहा कि “मुझे नरेंद्र मोदी से कोई नाराजगी नहीं है ना ही उनसे गुस्सा है, लेकिन मुझे लगता है कि उन्हें मुझे नाराजगी है लेकिन मैं उनसे कोई नाराजगी नहीं रखता हूं.
इसके बाद बारी आयी राहुल गांधी की शादी से जुड़े सवाल की. कोई पूछ बैठा कि अगर उनके जीवन पर कोई बायोपिक बनती है, तो हीरोइन कौन होगी. तो राहुल गांधी तुरंत बोल पड़े कि अभी तो मैंने अपने काम से ही शादी कर ली है, इसलिए नो चांस.
राहुल गांधी से पूछे गए व्यक्तिगत सवालों में एक सवाल प्रियंका गांधी से भी जुड़ा था जिसके जवाब में उन्होंने अपनी और बहन प्रियंका के बीच के संबंध कैसे है इस बारे में बताया. उन्होंने कहा कि हम रक्षाबंधन का त्योहार काफी धूमधाम से मनाते हैं और जब तक राखी टूट नहीं जाती तब तक उसे हाथ में बांधकर रखते हैं. राहुल ने बड़े ही मजाकिया तौर पर कहा कि ‘प्रियंका हमेशा उन्हें मीठा खिलाकर मोटा करना चाहती हैं.’
सीरियस सवालों के जवाबों के जरिए राहुल ने गरीबों को 72 हजार रुपये सालाना देने के वादे से जुड़ी कई बातें बतायी. 20 फीसदी गरीबों को 72 हजार रुपये सालाना देने के न्याय योजना का फंड कहां से आएगा? इसके बारे में राहुल गांधी ने कहा कि हम नीरव मोदी, अनिल अंबानी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या से पैसे लेकर गरीबों को देंगे. उन्होंने आगे कहा कि किसी मिडिल क्लास के लिए टैक्स नहीं बढ़ाएंगे. उन्होंने कहा कि हमने पूरा हिसाब लगा लिया है, पैसा कहां से आना है और कैसे बांटा जाना है. पहले पायलट प्रोजेक्ट होगा और उसके बाद पूरे देश में लागू किया जाएगा.
