लखनऊः लोकसभा चुनावों के लिए बसपा के साथ गठबंधन करने वाली समाजवादी पार्टी में सीटों को बंटवारा भी हो गया है. सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव मैनपुरी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव आगामी लोकसभा चुनावों में कन्नौज से ताल ठोकेंगे. सैफई में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे अखिलेश यादव ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जब तक मुलायम सिंह हैं वह अपनी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे.
नेताजी से आशीर्वाद लेकर लड़ेंगे चुनाव
अखिलेश ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और वे खुद कन्नौज से चुनाव मैदान में उतरेंगे. नेताजी के आशीर्वाद से 2019 की फतह को हासिल करेंगे. चुनाव को लेकर पार्टी तैयार है. सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों पर काम करना भी शुरू कर दिया है.
यह भी पढ़ें : चाचा शिवपाल पर अखिलेश यादव, कहा- सेक्युलर से नहीं सिर्फ बीजेपी से है मुकाबला
शहीद सैनिक के घर पहुंचे अखिलेश
विनायकपुर बरनाहल मैनपुरी के शहीद सैनिक रामवकील के घर जाकर उन्हें श्रद्धाजंलि दी और परिजनों को ढांढस बंधाया. इसके पहले सैफई में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने जो किया वह सराहनीय है. हम सेना को बधाई देते हैं. आतंकवाद पर कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. इस दौरान उन्होंने मुलायम सिंह यादव के सपा के टिकट पर मैनपुरी और स्वयं के कन्नौज से चुनाव लड़ने की घोषणा की.
यह भी पढ़ें : सपा में घट रही है महिलाओं की संख्या, पहले 40 अब बची हैं सिर्फ 9: मुलायम सिंह यादव
तेज प्रताप को भी किया जाएगा कहीं अडजस्ट
अखिलेश ने कहा कि मैनपुरी सांसद तेज प्रताप यादव काफी मेहनती हैं. इसलिए उन्हें कहीं न कहीं ऐडजस्ट किया जाएगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक सफाई कर्मी के पैर धोने पर तंज कसते हुए कहा कि अब चुनाव आ गया है ये सब तो होगा ही. इसलिए जनता को इन सबसे सावधान रहने की जरूरत है.
