लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटा आयोग, स्वदेश के साथ उम्मीदवारों को अब विदेशी संपत्ति का भी देना होगा विवरण

अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

लखनऊ : देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा शुक्रवार को कहा कि अब उम्मीदवारों को विदेशों में स्थित संपत्तियों का विवरण भी देना होगा. अरोड़ा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अब पहली बार ऐसा हो रहा है कि प्रत्याशियों को विदेशों में स्थित अपनी संपत्ति का विवरण देना पड़ेगा. इसमें पैन कार्ड के साथ शपथ-पत्र देना होगा. इसकी आयकर विभाग से जांच कराई जाएगी. इसमें विसंगतियां मिलने पर इसे आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा.”

समझौता एक्सप्रेस के रद्द होने से परेशान थे पाकिस्तानी यात्री, भारतीय पुलिस ने ऐसे की मदद

5 सालों की आय का विवरण भी देंगे प्रत्याशी
अरोड़ा ने कहा, “इस बार प्रत्याशियों को अपनी पांच वर्ष की आय का विवरण देना होगा, जिसमें स्वयं, पत्नी, बच्चों (बेटा-बेटी) की संपत्ति के विवरण शामिल होंगे.” उन्होंने ईवीएम पर उठाए जा रहे सवालों पर कहा, “चुनावों में ईवीएम को फुटबॉल बना दिया गया है. अगर रिजल्ट अच्छा है तो ईवीएम अच्छी है, अगर रिजल्ट खराब है तो ईवीएम खराब है.”

निर्धारित समय पर होंगे चुनाव
अरोड़ा ने कहा कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर होंगे. तारीख आगे बढ़ाए जाने की बात को उन्होंने सिरे से नकार दिया. उन्होंने कहा कि चुनाव कराने की हमारी तैयारी पूरी है और हम समय पर ही चुनाव कराएंगे. उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर पानी, टॉयलेट, शेड, बिजली की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है. इसे और बेहतर किया जाएगा.

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव ने हमें आश्वासन दिया है कि ज्यादातर कमियों को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा. आदर्श आचार संहिता समिति में एक सोशल मीडिया एक्सपर्ट को भी शामिल किया जाएगा.” उल्लेखनीय है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त तीन दिनों से राजधानी लखनऊ में थे. इस दौरान उन्होंने जिलों व मंडलों के शीर्ष प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव के मद्देनजर सारे हालात पर चर्चा की.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *