सुल्तानपुर: केंद्रीय मंत्री एवं बीजेपी नेता मेनका गांधी बुधवार को अपने कैम्पेन के दौरान बसपा सुप्रीमो मायावती पर हमलावर दिखी. मेनका गांधी ने कहा कि मायावती मुफ्त में किसी को टिकट नहीं देती. उन्होंने हर टिकट पर कीमत रखी वो कीमत है पंद्रह करोड़ रुपए.
मैने जिंदगी में नहीं देखे पंद्रह करोड़ रुपए
बुधवार मेनका गांधी शहर से पश्चिम की ओर कैम्पेन में थी. जहां जगह-जगह लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान धम्मौर बाजार में एक सभा में मेनका गांधी ने आगे कहा कि आपके दूसरे उम्मीदवार बंदूक धारियों ने टिकट पाने के लिए 15 करोड़ दिए हैं.
ये जो पंद्रह करोड़ देता है क्या ये वापस वसूलेगा या नहीं वसूलेगा? जब वो वसूलेगा तो कैसे वसूलेगा? मैं बताती हूं कैसे वसूलेगा. वो जाएगा हर गांव के प्रधान के पास, प्रधान जी मुझे चाहिए आप से हर महीने बीस हजार रुपए. प्रधान जी डर के मारे दे देंगे. उन्होंने कहा कि मैने जिंदगी में पंद्रह करोड़ रुपए नहीं देखे. मैं पांच अनाथ आश्रम चलाती हूं, अस्पताल चलाती हूं, बीसों चीज़े खुद चलाती हूं.
आगे सरकार भी बनेगी बीजेपी सरकार
उन्होंने ये भी कहा कि तराजू का दो पलाड़ा आमने-सामने है, एक तरफ मैं आपकी उम्मीदों को लेकर खड़ी हूँ. अच्छे लोग खड़े हैं. आपके साथ सरकार खड़ी है. आगे सरकार बनेगी और दूसरी तरफ बंदूकधारी इंसान बैठा है जो सालों साल लोगों को सिर्फ डराने का काम किया है. आप लोग आजादी चाहते हैं या अपने अंदर डर चाहते हैं यह आपको तय करना है. पब्लिक के बीच से आवाज आती है नहीं हमें आजादी चाहिए.
सुल्तानपुर से नितिन श्रीवास्वत की रिपोर्ट
यूट्य़ूब से जुड़ने के लिए क्लिक करें…
