वाराणसी : महादेव की नगरी वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सांसद है, प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने यहां का बहुत विकास किया है, पीएम ने इस क्षेत्र के कई दौरे भी किए हैं, वाराणसी में आखिरी चरण में चुनाव हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री की सीट को लेकर बीजेपी अध्यक्ष ने बड़ा ऐलान किया है, मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह वाराणसी पहुंचे, करीब साढ़े आठ बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे जहां से वो शहर के लिए रवाना हुए.
मीडिया हाउस का शिलान्यास
अमित शाह वाराणसी मीडिया सेंटर का शिलान्यास करने पहुंचे थे, यहां उन्होंने बीजेपी मीडिया सेंटर का शिलान्यास किया और प्रधानमंत्री के फिर से वाराणसी से चुनाव लड़ने का ऐलान किया. इस दौरान अमित शाह प्रेस को भी संबोधित करते हुए पार्टी की चुनावी रणनीति पर अपने विचार भी व्यक्त किए. पूरे आयोजन का इस दौरान सोशल मीडिया पर भी लाइव प्रसारण किया गया.

26 को पीएम करेंगे नामांकन- अमित शाह
मीडिया से बात करते हुए अमित शाह ने बताया कि पीएम 25 अप्रैल की शाम पीएम बनारस में लंका से दशाश्वमेध तक रोड शो करेंगे और गंगा आरती में शामिल होंग. इसके बाद मोदी काशी के कोतवाल कालभैरव बाबा का दर्शन भी करेंगे. छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में मोदी काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे. डीजल रेल इंजन कारखाना के गेस्ट हाउस में रात्रि प्रवास के बाद अगले दिन मोदी का नामांकन जुलूस निकलेगा जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे. नामांकन के दौरान पूरा एनडीए कुनबा दिखेगा. इसमें बिहार के सीएम नितिश कुमार के अलावा प्रकाश सिंह बादल और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे.
