नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूसे कार्यकाल के शपथ समारोह इस बार खास होने जा रहे हैं, क्योंकि पहली बार शपथ समारोह में करीब 8 हजार अतिथि शामिल हो रहे हैं, राष्ट्रपति भवन के प्रक्वता अशोक मलिक ने कहा कि ‘‘यह पहली बार है जब 8,000 अतिथि शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होंगे, जो बृहस्पतिवार शाम सात बजे से रात साढ़े आठ बजे तक चलेगा’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाला यह सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा. अब से पहले, इस तरह के समारोहों में 4,500-5,000 अतिथि शरीक हुए थे.
विशेष मेहमानों के लिए ‘दाल रायसीना’
पीएम मोदी के शपथ समारोह में ‘बिमस्टेक’ देशों के नेताओं के अलावा उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री सहित लगभग 40 गणमान्य लोग खास मेहमान रहेंगे, शपथ समारोह के बाद इन मेहमानों के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रि भोज का इंतजाम किया गया है. उन्होंने कहा कि रात्रिभोज में ‘दाल रायसीना’ जैसा व्यंजन परोसा जाएगा, दाल रायसीना बनाने में इस्तेमाल की जानी वाली मुख्य चीजें लखनऊ से मंगाई गई हैं. इसे करीब 48 घंटे तक पकाया जाता है. प्रवक्ता ने बताया कि दाल रायसीना की तैयारी मंगलवार को शुरू की गई थी.
और भी व्यंजन होंगे
अधिकारी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने वाले सभी अतिथियों के लिए ‘‘पनीर टिक्का’’ जैसे हल्के जलपान की व्यवस्था होगी. बता दें शपथ समारोह में मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ और किर्गिज गणराज्य के राष्ट्रपति सोरोनबे जीनबेकोव ने भी इस कार्यक्रम में शरीक होने की पुष्टि की है. बांग्लादेश के राष्ट्रपति अब्दुल हामिद, श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना, नेपाल के प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली, म्यामां के राष्ट्रपति यू विन माइंत और भूटान के प्रधानमंत्री लोटये शेरिंग ने भी समारोह में शरीक होने की पुष्टि की है. वहीं थाईलैंड के विशेष दूत जी. बूनराच अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.
विपक्षी दल के नेता भी होंगे शरीक
मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहीं मुलायम सिंह, और चंद्रबाबू नायडू और कुमार स्वामी के शामिल होने की खबरें भी हैं
