नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने अपने संसदीय क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू किया जिसका एक वीडियो ट्वीट किया और साथ ही सीएम अरविंद केजरीवाल पर तीखा तंज भी कसा. उन्होंने लिखा कि यह कैमरा आपके झूठे वादों पर भी फोकस करेगा. कैमरे लगाने की बात पर दरअसल बवाल इस वजह से है क्योंकि केजरीवाल ने पूरी दिल्ली में सीसीटीवी कैमरा लगाने का वादा तो किया लेकिन उसके लिए अब तक कोई काम पूरे नहीं किए गए.
ऊपर वाला सबको करीब से देखेगा
गंभीर ने लिखा कि “ऊपर वाला अब और करीब से देखेगा. मेरी माताओं, बहनों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए मैंने आज से अपने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का काम शुरू कर दिया है. वैसे मफलरवाले सर जी मेरा एक कैमरा आपके झूठे वादों पर भी फोकस्ड है.”
आप के समर्थकों ने किया ट्वीट
गौतम गंभीर के इस ट्वीट पर आप के कई समर्थकों ने उन्हें ट्रोल किया और इसमें सबसे आगे थे आप विधायक सोमनाथ भारती जिन्होंने आपत्ति जताते हुए ट्वीट कर पूछा कि “क्या इस तरह से आप एक चुने हुए मुख्यमंत्री को संबोधित करेंगे? ” भारती ने ये भी पूछा कि ‘एक बात और, यह जो 3 कैमरे आप लगवा रहे हैं, यह सांसद निधि से है या अभी-अभी वर्ल्ड कप में लिए कमेंट्री से कमाए गए धन से लगवा रहे हैं? ”
आप के नैशनल मीडिया को-ऑर्डिनेटर विकास योगी ने भी ट्वीट कर गंभीर को सवाले के घेरे में लिया और ट्वीट कर कहा, ‘गजब हो सांसद साहब, कमेंट्री करते-करते इतना झूठ कैसे? अभी-अभी सांसद बनने की शपथ ली है और इतनी जल्दी फंड भी आ गया, टेंडर भी हो गया और कैमरे भी लग गए?’
