बुलंदशहर: स्याना घटनाकांड में रोजाना नया अपडेट सामने आ रहा है, पुलिस औऱ प्रशासन अपने-अपने स्तर पर जांच कर मामले के खुलासे में जुटे हुए हैं, मुख्य आरोपी योगेश की धर पकड़ के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है, लेकिन इन सबके बीच स्याना विधायक का एक बयान आया है, जिसने मामले को एक नया रुख दे दिया है.
इंस्पेक्टर सुबोध ने खुद मारी गोली
स्याना से बीजेपी विधायक देवेन्द्र सिंह का दावा है कि घटना वाले दिन जब इस्पेक्टर सुबोध भीड़ में घिर गए थे तो अपने बचाव के लिए उन्होंने खुद के कंधे में गोली मारने की कोशिश की, लेकिन गलती से गोली उनके सिर में जा लगी और उनकी मौत हो गई…वहीं देवेन्द्र सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाता हुए कहा है, कुछ लोगों को बेवजह फंसाया जा रहा है, क्योंकि हिंसा के दौरान सबके पास हथियार नहीं थे, और इंस्पेक्टर को एक ही गोली लगी थी.
इंस्पेक्टर की हत्या का आरोपी पकड़ा गया
स्याना में गोकशी की अफवाहों के बाद मचे बवाल में स्याना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी, पुलिस मे इस संबंध में 27 नामजद और करीब 65 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था, जिसमें 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 6 लोगों ने सरेंडर किया है, हत्या का आरोपी प्रशांत नट भी अब पुलिस की पकड़ में है.
14 दिन की रिमांड पर भेजा गया
इंस्पेक्टर की हत्या के आरोप में पकड़े गए प्रशांत नट को एसआईटी ने शुक्रवार देर शाम कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट से मांग की प्रशांत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जाए, कोर्ट ने पुलिस की मांग को मानते हे प्रशांत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. हालांकि हिंसा का मुख्य आरोपी योगेश अभी भी फरार है, देखना होगा यूपी पुलिस कब तक मुख्य आरोपी योगेश को पकड़ पाती है और इंस्पेक्टर सुबोध के परिवार को कब न्याय दिलवा पाती है.
