नई दिल्ली : इंटरनेट की दुनिया में एक मुकाम पा चुकी सबसे बड़ी कंपनी गूगल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गूगल ने अपने 48 कर्मचारी को नौकरी से बेदखल कर दिया. जी हां, गरुवार तक तो इन 48 कर्मचारी के पास नौकरी थी लेकिन गूगल की इस कार्रवाई के बाद अब इन्हें नये रोजगार की तलाश करनी होगी. आखिर क्यों गूगल को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा, आइए जानते हैं.
दरअसल, जिन 48 कर्मचारी पर गाज गिरी है वे यौन उत्पीड़न के आरोपी हैं. ये सभी पिछले दो साल में यौन उत्पीड़न के मामलों में आरोपी हैं. गूगल को ये गवारा नहीं था कि वे उसके साथ काम करें और इसी वजह से उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया. आरोपित 48 कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के बारे में गूगल ने कहा कि यह कदम अनुचित व्यवहार को रोकने के लिए उठाया गया है.
न्यूयॉर्क टाइम्स के एक रिपोर्ट के मुताबिक गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने बयान जारी किया कि कंपनी के एक वरिष्ठ कर्मचारी एंडी रुबिन पर दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे. जिसकी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 90 मिलियन डॉलर का एग्जिट पैकेज देकर उनकी सेवाएं खत्म कर दी गयीं. जानकारी दे दें कि एंडी मोबाइल के दुनिया के सबसे पसंदीदा ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्राइड के निर्माताओं में शामिल हैं.
‘कार्यस्थल में सुरक्षित माहौल के लिए गूगल प्रतिबद्ध’
गूगल ने पिचाई की ओर से कर्मचारियों को मेल के जरिये कहा कि पिछले दो सालों में यौन उत्पीड़न के मामलों में 48 लोग की सेवाएं समाप्त की गयी हैं. जिसमें 13 वरिष्ठ प्रबंधक हैं जिनमें से किसी को भी एग्जिट पैकेज नहीं दिया गया है. पिचाई ने गूगल की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए कहा कि “पिछले सालों में लोगों के अनुचित व्यवहार को रोकने के लिए हमने कई परिवर्तन किए हैं. एंडी और बाकी लोगों की रिपोर्ट पढ़ने में भी मुश्किल थी. कार्यस्थल में एक बेहतर और सुरक्षित माहौल बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं. यौन उत्पीड़न की हर शिकायत की हम जांच करते हैं और उचित कार्रवाई करते हैं.”
वहीं, कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारी एंडी रुबिन को बाहर का रास्ता दिखाए जाने को लेकर उनके प्रवक्ता सैम सिंगर ने बयान जारी किया. जिसमें उन्होंने एंडी पर लगे सभी आरोपों को खारिज किया और कहा कि एंडी ने गूगल अपनी मर्जी से छोड़ा है और वह अपना खुद का उद्योग शुरू करने वाले हैं.
न्यूयॉर्क टाइम्स के रिपोर्ट पर गौर करें तो उसने कोर्ट के दस्तावेजों और सात्क्षात्कारों के आधार पर बताया है कि गूगल ने पूर्व में अनुचित यौन व्यवहार के मामले में एंडी बचाया था. जिसमें एंडी समेत 3 लोगों को आरोपी बनाया गया था.
