अलीगढ़. बॉलीवुड (Bollywod) एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की शुक्रवार को रिलीज़ हो रही फ़िल्म ‘छपाक’ (Chhapaak) का अलीगढ़ (Aligarh) में जमकर विरोध हो रहा है. सिनेमा घर व देखने वालों को खुद का बीमा कराने की चेतावनी पोस्टर के माध्यम से दी गई है. दरअसल, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को जेएनयू में जाना भारी पड़ गया है. अखंड भारत हिन्दू सेना (Akhand Bharat Hindu Sena) व एबीवीपी लगातार दीपिका पादुकोण व उनकी छपाक फ़िल्म का विरोध कर रहे हैं. संगठनों ने जिला प्रशासन को भी चेताया है.
क्या है बीमा की वजह
सीएए और एनआरसी से शुरू हुआ विवाद अब दीपिका के जीवन और फिल्मी दुनिया में दखल दे चुका है. दरअसल, हाल ही में दिल्ली के जेएनयू में छात्र गुटों के बीच बड़ा विवाद हो गया था. जिसके बाद एक पक्ष के समर्थन में दीपिका पादुकोण शुक्रवार को रिलीज होने वाली फिल्म छपाक के प्रमोशन हेतु पहुंच गई. जिसके बाद पूरे प्रदेश समेत अलीगढ़ में एबीवीपी समेत तमाम हिंदू संगठनों में आक्रोश पनप गया और दीपिका पादुकोण व फिल्म छपाक का जमकर सोशल मीडिया से लेकर सिनेमाघरों तक विरोध शुरू हो गया.
बिमा करवाने की चेतावनी
अलीगढ़ में अखंड भारत हिंदू सेना के अध्यक्ष दीपक द्वारा क्वार्सी स्थित मॉल के बाहर पोस्टर तक लगवा दिया गया है. दीपक का कहना है कि किसी भी हालत में दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक को जिले के किसी भी सिनेमा घर में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा. अगर कोई सिनेमाघर उसे पर्दे पर दिखाता है तो वह स्वयं का और देखने वाले भी बीमा करवा ले.
देश के अन्य राज्यों में भी हो रहा विरोधएक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘छपाक’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त विरोध झेल रही है. ये विरोध शुरू हुआ था दीपिका के जेएनयू प्रदर्शन में पहुंचने के बाद, इसके चलते एक वर्ग बुरी तरह खफा हो गया था. कई लोगों ने ‘छपाक’ की टिकट कैंसिल करके स्क्रीनशॉट भी शेयर किए थे और ट्विटर पर #BoycottChhapaak ट्रेंड करने लगा था.
एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी पर आधारित है फिल्म
‘छपाक’ 10 जनवरी को रिलीज होनी है. रियल लाइफ एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म मेघना गुल्जार ने डायरेक्ट किया है. वहीं लीड एक्ट्रेस होने के साथ-साथ दीपिका इस फिल्म के साथ बतौर प्रोड्यूसर भी जुड़ी हैं.
