लखनऊ : फर्जी दस्तावेज के मामले में यूपी के सीतापुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और रामपुर से सांसद आजम खान ने योगी सरकार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को शनिवार सुबह रामपुर जेल ले जाया गया. इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके साथ ‘आतंकवादियों के जैसा व्यवहार’ किया जा रहा है.
आजम-अब्दुल्ला का एक ही सेल में रखा गया
आजम खान को धोखाधड़ी केस में शनिवार को सीतापुर जेल से रामपुर ले जाया गया. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘मेरे साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार हो रहा है. इस सरकार में मेरे साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा है’ बता दें कि आजम खान की गिरफ्तारी पर राज्य में सियासी घमासान छिड़ा हुआ है. सीतापुर जेल में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला एक साथ रखे गए हैं. इस बीच आजम फैमिली की रामपुर जेल से शिफ्टिंग को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है.
बिगड़ सकता है माहौल
पुलिस का कहना है कि आजम के समर्थक रामपुर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे, जिससे माहौल खराब हो सकता था. सीतापुर जेल के अंदर आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को एक ही सेल में रखा गया है, वहीं उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद तंजीन फातिमा को महिला सेल में रखा गया है. एक जेल अधिकारी ने बताया कि अब्दुल्ला के बाएं हाथ ही उंगली में चोट लगी हुई है. दूसरी ओर तंजीन फातिमा डायबीटीज से पीड़ित हैं
अखिलेश ने की थी आजम से मुलाकात
अपने करीबी आजम खान से मिलने के लिए एसपी चीफ अखिलेश यादव गुरुवार को सीतापुर जेल पहुंचे थे. आजम खान से मिलने के बाद अखिलेश यादव ने कहा, ‘एक राजनीतिक साजिश के तहत बीजेपी आजम खान को निशाना बना रही है. मैंने आजम साहब से मुलाकात की. उनकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं है और बेटे के सिर में भी चोट लगी है. मैं उम्मीद करता हूं कि जेल प्रशासन उन्हें जरूरी सुविधाएं मुहैया कराएगा’
