लखनऊ: लोकसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव की सक्रियता पर जो सवाल उठाए जा रहे थे उन सारे सवालों का जवाब अब अखिलेश यादव ने देना शुरू कर दिया है. लोकसभा में भी आजम खान प्रकरण में सभी ने अखिलेश यादव का आक्रोश देखा था. उसके बाद उन्नाव गैंगरेप पीड़िता मामले में भी अखिलेश यादव पीड़िता का हाल लेने ट्रॉमा सेंटर गए धरने पर बैठे पीड़िता के परिवार को समझाया और आर्थिक मदद का ऐलान किया. इधर अखिलेश यादव ने अपने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कल रामपुर पहुंचने का संदेश दिया है.
अब्दुल्ला आजम को हिरासत में लेने पर हुंकार
कल रामपुर में सपाईयों का बड़ा जमावड़ा लग सकता है. दरअसल, सपा सांसद आजम खानके बेटे स्वार टांडा से विधायक अब्दुल्ला आजम को पुलिस ने दोपहर हिरासत में ले लिया था. उसके बाद से ही सपाईयों में गुस्सा दिखाई दे रहा था. सभी ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया था. मामला तब और तूल पकड़ गया जब खबर आई की अब्दुल्ला आजम ने मुचलका भरने से इंकार दिया है. हालांकि, देर शाम मुचलके के बाद उनके रिहा कर दिया गया.
आजम खान की जीत से बौखलाई है बीजेपी: सपा
बीते दिनों से एक के बाद दर्ज तमाम मुकदमों को लेकर सपा ने सूबे की योगी सरकार पर निशाना साधा है. पार्टी का कहना है कि, आजम खान के रामपुर से सांसद बनने के बाद से बीजेपी बौखला गई है और राजनीति से प्रेरित होकर कार्रवाई कर रही है.
