नई दिल्ली: 1 अगस्त यानि की आज से कई सारे वित्तीय नियम प्रभावी होने वाले हैं. अगर आपने आज से इन नियमों की अनदेखी की तो ये आपकी जेब पर असर डाल सकते हैं. आइए जानते हैं कि आज से कौन-कौन से नियम बदलने वाले हैं, जो आपकी जेब पर प्रभाव डालेंगे.
एसबीआई में IMPS शुल्क नहीं
भारतीय स्टेट बैंक की ओर से जारी किए आदेश के अनुसार आज से आईएमपीएस (इमीडिएट पेमेंट सर्विस) पर कोई शुल्क नहीं देना होगा. अभी तक बैंक अमाउंट के हिसाब से एक निश्चित चार्ज लेता है. बता दें कि इस ट्रांजेक्शन के जरिए आप कुछ ही मिनटों में दो लाख रुपये किसी भी बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकते हैं.
इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना होगा सस्ता
अगर आप आज या आज के बाद कोई इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो ये जेब पर कम असर डालेंगे. जीएसटी काउंसिल ने बैट्री से चलने वाली कार और स्कूटर पर जीएसटी दर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी है. वहीं चार्जर पर जीएसटी की दरें 18 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत कर दी हैं.
