अलीगढ़. अलीगढ़ (Aligarh) के थाना लोधा इलाके में कार में बैठकर शराब पी रहे युवक का विरोध गांव के ही पूर्व प्रधान ने किया तो हंगामा हो गया. शराब पी रहे युवक ने पूर्व प्रधान से कहासुनी के बाद अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया. देखते ही मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के जमकर मारपीट, पथराव शुरू हो गया. दो पक्षों के बीच हुई इस घटना का पूरा वीडियो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. दोनों तरफ से भी पथराव में महिलाओं समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के थाना लोधा इलाके के गांव सदलपुर फगोई में शनिवार रात को दो पक्षों के बीच शराब पीने को लेकर जमकर विवाद हुआ. गांव सदलपुर फगोई के पूर्व प्रधान सदानंद का आरोप है कि गांव का अजय नाम का युवक उसके घर के सामने कार के अंदर बैठकर शराब पी रहा था. जिसका विरोध करने पर वह गाली गलौच करने लगा.कार में शराब पीने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.
आरोप है कि अजय ने अपने ससुराल पक्ष व अन्य दोस्तों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दोनों ही पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव और लाठी-डंडे चल गए. दोनों पक्षों के बीच पुलिस मारपीट पथराव और लाठी डंडे चलने की इस घटना में एक पक्ष से शकुंतला, पूर्व प्रधान सदानंद, दूसरे पक्ष से अजय, अंजली, दीपक, राजकुमार व देवराज समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर इलाका पुलिस अन्य थाना पुलिस फ़ोर्स के साथ पहुंच गई. जहां से घायलों को मलखान सिंह जिला अस्पताल भेजा गया. गंभीर घायलों को जेएन मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया है. बताया गया है कि अजय व सदानंद के बीच पुरानी रंजिश चल रही है. उसी को लेकर अक्सर दोनों पक्षों के बीच झगड़े होते रहते हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है. सुरक्षा को लेकर गांव में पुलिस फ़ोर्स तैनात की गई है.
