अलीगढ़: शहर के देहली इलाके में मुस्लिम महिला को भाजपा के लिए सदस्यता अभियान चलाना भारी पड़ गया, आरोप है कि उस्मान पाड़ा क्षेत्र की भाजपा की मुस्लिम महिला कार्यकर्ता के घर में घुसकर दबंगों ने उसके पति के साथ मारपीट की. महिला ने घर की ग्राउंड फ्लोर में पार्टी कार्यालय भी खोल रखा है. इसमें भी दबंगों ने तोड़फोड़ की. मारपीट की यह घटना वहां लगे हुए सीसीटीवी में कैद दो गई.
बीजेपी के लिए काम करना पड़ा भारी
उस्मानपाड़ा निवासी फरहीन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की महानगर मंत्री है. फरहीन को भाजपा सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. फरहीन का साथ उसके पति मोहसिन भी देते हैं. 8 अगस्त की रात को जब फरहीन के पति मोहसिन कार्यालय में बैठे थे, तभी मोहल्ले में ही रहने वाले 4-5 दबंग वहां पहुंच गए. आरोप है कि दबंगों ने मोहसिन से कहा, भाजपा का नेता बना फिरता है, बहुत पैसा कमाता है. दबंगों ने उससे 25 हजार रुपए की मांग भी की. धमकी दी कि अगर नहीं दिया तो मार देंगे.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि शिकायत पर आमिर, रिजवान, चाहत, अल्तमस, फराज के नाम मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल, मारपीट के बाद से आरोपी फरार हैं. उनकी तलाश की जा रही है.
