नई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दिल्लीवासियों के लिए फ्री राशन योजना को और 6 महीने बढ़ाने का ऐलान किया है. केजरीवाल ने शनिवार को फ्री राशन योजना को 6 महीने बढ़ाने का ऐलान करते हुए पीएम मोदी से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (Pradhan Mantri Garib Kalyan Yojana) के तहत मिलने वाले राशन को 6 महीने और बढ़ाने की अपील की है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महंगाई बहुत ज्यादा हो गई है. आम आदमी को दो वक्त की रोटी भी मुश्किल हो रही है. जबकि कोरोना की वजह से कई बेरोजगार हो गए हैं. प्रधानमंत्री जी गरीबों को मुफ्त राशन देने की इस योजना को कृपया छह महीने और बढ़ाया जाए.
केजरीवाल से पहले केंद्र सरकार में खाद्य और उपभोक्ता मामलों के सचिव सुधांशु पांडे ने ऐलान किया था कि दिल्ली में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना यानी पीएमजीकेएवाई के तहत गरीबों को नवंबर के बाद मुफ्त राशन शायद नहीं मिलेगा. इसके साथ उन्होंने कहा था कि देश की अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट रही है, इसीलिए मुफ्त राशन देने की योजना को नवंबर से आगे बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है.
