लखनऊः बीएचयू स्थित आईआईटी में सोमवार देर रात हॉस्टल के कमरों से निकलकर सैकड़ों छात्राओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया.सड़कों पर प्रदर्शन के दौरान छात्रायों ने जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि मेस में खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है. प्रदर्शन करने वाली एक छात्रा ने कहा कि हॉस्टल कैंपस में वादों के अनुसार वाई-फाई की सुविधा नहीं दी गई है.
हॉस्टल में कूलर और पंखे भी सही तरीके से काम नहीं करते हैं, जिसके कारण उन्हें गर्मी में कई तरह की परेशानियां होती है. सड़कों पर आगे चलते हुए छात्राओं ने निदेशक प्रोफेसर पीके जैन के आवास पर करीब दो घंटे तक धरना भी दिया.
मिलता है घटिया खाना
प्रदर्शन में आई एक छात्रा ने हॉस्टल प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में 700 से ज्यादा छात्राएं यहां पर रह रही हैं. उन्होंने बताया कि इतने छात्राओं के होने के बावजूद हॉस्टल में जो खाना उन्हें परोसा जाता है वह काफी घटिया किस्ंम का है. उन्होंने कहा कि यहां तक कि वाटर प्यूरीफायर की भी कोई व्यवस्था नहीं है. हम सभी बार बार बीमार पड़ रहे है.
आज शाम कमेटी देगी रिपोर्ट
प्रोफेसर जैन ने छात्राओं को समझा बुझाकर शांत किया. निदेशक ने आश्वासन दिया कि, मंगलवार शाम तक समस्या का समाधान कर दिया जाएगा. मामले को सुलझाने के लिए रिव्यू कमेटी बना दी गयी है. मंगलवार शाम तक रिपोर्ट मिलने के बाद एक हफ्ते में सब कुछ ठीक कर लिया जाएगा.
