लखनऊ : महोबा जिले के चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण शरण राजपूत ने अपने लखनऊ स्थित आवास के पास से एक सब्ज़ी वाले को भगा दिया. सब्जी बेचने वाला मुसलमान होते हुए खुद का हिंदू नाम बताकर गोमती नगर क्षेत्र में सब्जी से बेच रहा था. बीजेपी विधायक उसके नाम छुपाने पर भड़क गए. सब्जी वाले की हरकत से नाराज विधायक ने उसे मोहल्ले में दोबारा ना दिखने की चेतावनी भी दी.
नहीं था पहचान पत्र
सब्ज़ी बेचने वाले के पास किसी तरह का परिचय पत्र नहीं था. इससे पहले देवरिया जिले के बरहज से बीजेपी विधायक सुरेश तिवारी ने लोगों से कहा था कि वो मुस्लिम विक्रेताओं से सब्जी ना खरीदें. वहीं गोपामऊ से बीजेपी विधायक श्यामप्रकाश ने कोरोना संकट से निपटने के लिए अपनी विकास निधि से दिए 25 लाख रुपये प्रशासन से वापस मांग लिए. पार्टी ने दोनों विधायकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
पहले भी विवादों में रह चुके हैं विधायक
बृजभूषण राजपूत बुंदेलखंड नव निर्माण सेना के कर्ता धर्ता भी हैं. हमीरपुर से तीन बार सांसद रह चुके गंगाचरण राजपूत के बेटे बृजभूषण भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. अमरनाथ यात्रियों पर हमले के बाद उनका बयान आया था कि अगर राममंदिर बनाने की इजाज़त नहीं तो मुस्लिमों को हज मक्का मदीना जाने की भी इजाज़त ना मिले.
