लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने कसी कमर, उत्तर प्रदेश की सभी सीटों के लिए इनको मिली जिम्मेदारी

अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

लोकसभा चुनाव की तैयारियों में तेजी लाते हुए भाजपा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को उत्तर प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है. जबकि रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को दिल्ली, पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र को हरियाणा और रेल मंत्री पीयूष गोयल को तमिलनाडु का चुनाव प्रभारी बनाया है. महासचिव मुरलीधर राव कर्नाटक और उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना त्रिपुरा व जम्मू-कश्मीर के चुनाव प्रभारी बनाए गए हैं.

भाजपा के चुनाव प्रभारियों की यह दूसरी सूची है, जिसमें सात राज्यों व दो केंद्र शासित प्रदेशों के लिए चुनाव प्रभारियों व सह प्रभारियों की घोषणा की गई है. इसके पहले पार्टी ने 17 राज्यों व एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए चुनाव प्रभारियों व सह प्रभारियों की घोषणा की थी.

उत्तर प्रदेश में नड्डा छह क्षेत्रीय चुनाव प्रभारियों की टीम का नेतृत्व करेंगे. भाजपा उत्तर प्रदेश में पहले ही तीन क्षेत्रीय प्रभारियों की घोषणा कर चुकी है. तीन और क्षेत्रीय प्रभारियों की घोषणा होनी बाकी है. संगठनात्मक दृष्टि से राज्य में भाजपा के छह क्षेत्र है.

दिल्ली में निर्मला सीतारमण चुनाव प्रभारी की भूमिका में रहेंगी. उनके साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया सह प्रभारी के रूप में रहेंगे. निर्मला सीतारमण दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र को हरियाणा का चुनाव प्रभारी बनाया गया है.

कलराज के साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री विश्वास सारंग सह प्रभारी रहेंगे. इससे साफ है कि कलराज अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को तमिलनाडु के साथ पुडुचेरी व अंडमान निकोबार का चुनाव प्रभारी बनाया गया है. उनके साथ सीटी रवि सह प्रभारी के रूप में रहेंगे. कर्नाटक में पार्टी महासचिव मुरलीधर राव चुनाव प्रभारी होंगे. उनके साथ राजस्थान की पूर्व मंत्री किरण माहेश्वरी सह प्रभारी होंगी.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *