बुलंदशहर : जिले के सरकारी खाद्यान्न गोदामों पर डीएम के आदेश पर लगातार छापेमारी जारी है. स्याना गोदाम के बाद रविवार देर रात्रि बीबीनगर गोदाम पर छापेमारी की गई. यहां पर 330 गेहूं के कट्टे कम पाए गए. इस पर एसएमआई प्रदीप कुमार के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. जबकि पहले भी स्याना गोदाम में कम राशन मिलने पर रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है. छापामार टीम में शामिल अफसराें ने एसएमआई के निलंबन की संस्तुति करते हुए डीएम को पत्र लिखा है.
कई दिनों से जारी है छापेमारी
डीएम रविंद्र कुमार के आदेश पर पिछले कई दिन से जनपद में सरकारी खाद्यान्न के गोदामों पर छापामार कार्रवाई जारी है. कार्रवाई को एसडीएम सुभाष सिंह, डिप्टी एआरएमओ जेया अहमद करीम, तहसीलदार संजय कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आलोक वशिष्ठ आदि अंजाम दे रहे हैं. इस टीम ने दो दिन पहले स्याना गोदाम पर छापेमारी की थी। यहां पर 1611 बोरे गेहूं व चावलों के 1045 बोरियां कम मिली थी. इस पर गोदाम इंचार्ज स्याना मार्केटिंग अफसर प्रदीप कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.
मेरठ भेजा गया निलंबन पत्र
ब इस टीम ने बीबीनगर स्थित गोदाम पर छापा मारा. यहां पर 330 बोरी गेहूं की कम पाई गई. जबकि चावल की 170 बोरी अधिक मिली. बताया गया कि यह चावल दुकान पर सप्लाई किया जाना था और इसका रिकार्ड भी रजिस्टर में पाया गया. गेहूं की बोरी कम मिलने पर अब एसएमआई प्रदीप कुमार के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज हो गई है. डिप्टी एआरएमओ जेया अहमद करीम ने बताया कि इस एसएमआई को निलंबन करने की संस्तुति कर डीएम को पत्र भेज दिया है. डीएम अब एसएमआई के निलंबन की आगामी कार्रवाई के लिए आरएफसी मेरठ को पत्र भेजेंगे.
