बुलंदशहर में चला सर्च अभियान, पकड़े गए 41 जमाती

अपना बुलंदशहर होमपेज स्लाइडर

बुलंदशहर  :दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर आए जमातियों के खिलाफ प्रशासन का सर्च अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा, जिसके तहत बुलंदशहर और हापुड़ जिले में कुल 58 जमाती पकड़े गए, इसमें बुलंदशहर में 41 और हापुड़ जिले में कुल 17 जमाती रहे. इनमें ऐसे जमाती भी शामिल रहे, जो निजामुद्दीन मरकज के अलावा दूसरे जनपदों के मस्जिदों से होकर आए थे. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी जमातियों का स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें 14 दिनों के क्वारंटीन में रख दिया है.

4 दिन से चल रहा है अभियान

बुलंदशहर में पुलिस व प्रशासनिक अफसर बीते तीन-चार दिनों से ऐसे लोगों की तलाश में अभियान चलाए हुए हैं, जो कि विदेश या फिर दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज मस्जिद से लौटे हैं. बृहस्पतिवार को मिली सूचना के आधार पर प्रशासन ने जनपद के अलग-अलग हिस्सों से कुल 41 जमातियों की शिनाख्त कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें 14 दिनों के क्वारंटीन में रख दिया. जिले में अब तक कुल 224 लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है. जिनमें बुलंदशहर के रहने वाले 11 लोग हैं, जो विदेश में जमात में शामिल होने गए थे और वापस आने के बाद खुद को छिपाए हुए थे. इन 11 के खिलाफ देहात कोतवाली और जहांगीराबाद थाने में मुकदमे दर्ज किए गए हैं.

सभी को क्वारंटीन सेंटर भेजा गया 

दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज मस्जिद में हुए धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई निवासी नौ जमाती पकड़े गए हैं. सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि सभी जमातियों का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में वह स्वस्थ पाए गए. लेकिन सभी को इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है. वे गत 13 मार्च को दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज मस्जिद पहुंचे थे. वहां से 14 मार्च को इन सभी लोगों को बुलंदशहर भेज दिया गया था. वे गत 14 मार्च से बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसाईवाड़ा में एक व्यक्ति के घर पर रह रहे थे.

बुलंदशहर पुलिस ने अपने स्तर पर की जांच

यहां से कुछ लोग एक मार्च को दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज की मस्जिद में हुए धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे, जो 20 से 25 मार्च तक वापस लौट आए थे. आने के बाद इन लोगों ने स्थानीय अधिकारियों या फिर अपने पड़ोस में रहने वाले लोगों को कुछ नहीं बताया. थाना पुलिस ने अपने स्तर से पता लगाया, जिसके बाद इन सभी को क्वारंटीन किया गया. बाहर से जिले में आने वालों के लिए कुछ नंबर जारी किए गए हैं. वह इन नंबरों पर सूचना दे सकते हैं. जिला अस्पताल में पहुंचकर खुद भी जांच करा सकते हैं.

 

 

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *