लखनऊ/गोरखपुर; उत्तर प्रदेश के मुख्मंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर पर बड़ा बयान दिया है.गोरखपुर में विजयादशमी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्मंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, हमें राममंदिर निर्माण के लिए तैयारियां शुरू कर देनी चाहिएं. बता दें कि, एक दिन पहले ही संघ प्रमुख मोहन भागवत ने विजयादशमी कार्यक्रम में कहा था कि, सरकार को कानून बनाकर राममंदिर का निर्माण कराना चाहिए.भागवत के इस बयान को जहां विपक्षी दलों ने 2019 का चुनावी शिगूफा बताया था वही सरकार में शामिल कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी विपक्ष के सुर में सुर मिलाते दिखाई दिए हैं.
योगी के मंत्री बोले, राम मंदिर शादी और रामधुन ढोल नगाड़े समान
1992 के बाद हर विधानसभा और हर लोकसभा चुनाव में राम मंदिर अहम मुद्दा रहता है. 2018 के आखिरी में होने वाले 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर देश में राममंदिर की बयार बह रही है.मंदिर निर्माण को लेकर मामला भले ही सुप्रीम कोर्ट में हो.लेकिन कोर्ट के बाहर इसपर जमकर बयानबाजी हो रही है.योगी सरकार के बागी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार अपनी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए खूब लताड़ा.मंत्री ने कहा कि धरातल पर जनता सरकार से नाराज है.सरकार विकास कार्यों में विफल साबित हो रही है.
यह भी पढ़ें : अयोध्या मामले पर फिसली ‘नवाब जी’ की जुबान, कार्यकर्ताओं ने कहा- ‘नीचे उतरो’
राजभर का मंदिर राग
राममंदिर पर बोलते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि…जैसे शादी नजदीक आने पर ढोल बजता है. वैसे चुनाव आने पर इनको राम याद आते हैं.लोक सभा चुनाव में भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी होने वाली है.
संघ पर भी बरसे ओमप्रकाश
तीखे लहजे में संघ पर हमला करते हुए मंत्री राजभर ने कहा कि,भागवत जी कल तक कहते थे कि हिन्दू राष्ट्र बनाना है. अब कह रहे हैं कि हिन्दू राष्ट्र बिना मुसलमानों के संभव नहीं. इतना ही नहीं ओमप्रकाश राजभर नें संघ प्रमुख मोहन भागवत से सवाल करते हुए पूछा कि आखिर बताएं मंदिर बनाने से रोक कौन रहा है. सरकार उन्हीं की है. एक नाम बताएं आखिर राममंदिर बनाने से रोक कौन रहा है.
पहले भी अपनी सरकार के खिलाफ बोल चुके हैं राजभर
राजभर ने एसटी-एससी एक्ट पर सरकार को घेरते हुए कहा था कि,केन्द्र की बीजेपी सरकार ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कानून को लेकर उच्चतम न्यायालय का फैसला पलट दिया.जिसका खामियाजा उसे चुनाव में देखने को जरुर मिलेगा.
