अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आवास पर आज प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता जमालपुर निवासी मोहम्मद शादाब को सम्मानित किया. जिसमे उन्हें 51 हजार रुपये, एक टैबलेट व एक किताब उपहार बतौर दी. इस दौरान शादाब के साथ उनकी मां, एसीएम प्रथम अंजुम बी. और जिला प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह मौजूद रहीं ।
पीएम ने भी की थी तारीफ
जमालपुर निवासी शादाब के काम की सराहना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी. अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मिंटो सर्किल स्कूल में 11वीं के छात्र शादाब सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला सूचना विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअली रूबरू हुए थे. शादाब को अमेरिका में भारतीय संस्कृति व महत्व के प्रचार-प्रसार के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार दिया गया है ।
संयुक्त राष्ट्र संघ में तिरंगा लहराने का सपना
वर्चुअल मुलाकात में प्रधानमंत्री मोदी ने शादाब को बधाई देते हुए पूछा था कि, भविष्य के बारे में क्या सोचा है? तब शादाब ने कहा था, मेरा सपना है कि बड़े होकर आईएएस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करूं. मैं यही नहीं रुकना चाहता, बल्कि संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकारों पर काम करना चाहता हूं. संयुक्त राष्ट्र संघ में देश का झंडा लहराने का सपना है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शादाब देश का नाम रोशन कर रहे हैं. इससे नए भारत की पहचान और मजबूत होगी और यह जिम्मेदारी हमारे देश के नौजवानों पर है.
