12वीं के एग्जाम के बाद बच्चे मेडिकल, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट आदि में एडमिशन लेने के बारे में सोचते हैं. लेकिन कॉलेज या यूनिवर्सिटी का चयन शानदार बिल्डिंग, 100 फीसदी प्लेसमेंट की गारंटी, वगैरह, को ध्यान में रख कर तो नहीं करना चाहिए. अगर आप भी ऐसा करने की सोच रहे हैं तो फिर संभल जाइए, क्योंकि कभी-कभी ऐसा भी होता है कि स्टूडेंट्स बिना सोचे-समझे एडमिशन ले तो लेते हैं,लेकिन जब उन्हें यह पता चलता है कि कॉलेज या यूनिवर्सिटी मान्यता प्राप्त नहीं है, तो इसके बाद में हाथ मलने के अलावा को दूसरा उपाय नहीं बचता है. इसलिए यह बेहद जरूरी है कि एडमिशन लेने से पहले आप कॉलेज और यूनिवर्सिटी के बारे में पहले से जांच-पड़ताल जरूर कर लें. आज हम आपको कुछ ऐसे ही नियमों की जानकारी दे रहे हैं.
यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी)
यूजीसी विश्वविद्यालयों कड़ी नजर रखने से साथ-साथ मान्यता भी प्रदान करती है. यदि किसी कॉलेज या यूनिवर्सिटी से बीए, बीएससी या बीकॉम आदि करने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले आप यूजीसी की साइट पर विजिट कीजिए, यहां आप इस बात की पड़ताल अच्छी तरह से कर सकेंगे कि कौन-सा कॉलेज मान्यता प्राप्त है और कौन सा नहीं. यूजीसी की वेबसाइट है- www.ugc.ac.in
सवर्ण आरक्षण के बाद यूनिवर्सिटी में बदलेगा सीट का समीकरण, DU में बढ़ेंगी सीटें
डिस्टेंस एजुकेशन काउंसिल (डीईसी)
आजकल लोगों का क्रेज डिस्टेंस एजुकेशन की तरफ भी देखा जा रहा है, क्योंकि इस माध्यम के जरिए अब तमाम तरह के कोर्सों का संचालन किया जा रहा है. यदि आपकी इच्छा डिस्टेंस एजुकेशन से पढ़ाई करने की है, तो आप इस साइट www.dec.ac.in पर जरूर विजिट करें, यहां आपको मान्यता प्राप्त डिस्टेंस एजुकेशन यूनिवर्सिटी के बारे में पता चल जाएगा.
बार काउंसिल ऑफ इंडिया
यदि लॉ से संबंधित स्कूल-कॉलेज के बारे में जांच-पड़ताल करना चाहते हैं, तो आपको बार काउंसिल ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर विजिट करना चाहिए. यह संस्थान कानूनी शिक्षा के साथ-साथ इसके सुधार के लिए भी परामर्श देती है. वेबसाइट है : WWW.barcouncilofindia.nic.in
इंडियन काउंसिल फॉर एग्रीकल्चरल रिसर्च
एग्रीकल्चर क्षेत्र में नए-नए विकल्पों के खुलने से इस क्षेत्र के प्रति छात्रों का क्रेज लगातार बढ़ता ही जा रहा है. अगर आप इस फील्ड में करियर बनाना चाहते हैं, तो पहले संस्थान की असलियत के बारे में जरूर जानें. इसके लिए आप आईसीएआर की वेबसाइट की मदद ले सकते हैं. इस वेबसाइट के माध्यम से आपको कृषि से संबंधित समस्त मान्यता प्राप्त कॉलेजों की जानकारी मिल जाएगी. वेबसाइट है- www.icar.org.in
ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई)
यह संस्थान देश में तकनीकी संस्थानों को खोलने, नए पाठ्यक्रम चलाने और मान्यता देने का काम करती है. इसके कई रीजनल सेंटर हैं. इसके सात रीजनल कार्यालय विभिन्न शहरों में हैं. यदि आप तकनीक से जुड़े संस्थान मे एडमिशन लेने की सोच रहे हैं, तो एक बार इस साइट पर जरूर विजिट करें. यहां आपको मान्यता प्राप्त कॉलेजों के बारे में पूरी जानकारी मिल जाएगी. एआईसीटीई की वेबसाइट है- www.aicte.ernwt.in
