ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में बदमाशों के हौसले बुलंद दिख रहे हैं. यहां एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. बदमाशों को न तो पुलिस का डर है और न तो कानून ही उन्हें डरा पा रहा है. दरअसल, यहां के एक गांव में डबल मर्डर का मामला सामने आया है. जिसे बीती रात बड़ी बेरहमी से अंजाम दिया गया.
मामला ग्रेटर नॉएडा कोतवाली के जमालपुर गांव का है जहां बीती रात उस वक्त सनसनी फैल गयी जब एक दंपत्ति की गला रेत कर हत्या कर दी गयी. इतना ही नहीं बदमाश पुलिसिया कार्रवाई से इतने बेखौफ थे कि वे दंपत्ति को मारने के बाद दूसरे घर को निशाना बनकर वहां भी एक दंपत्ति को धारदार हथियार से गला रेत कर घायल कर दिया. फिर मौके से फरार हो गये. घायल दंपत्ति को पास के निजि अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ऐसी आशंका है कि बदमाश दोनों ही घर में लूट के इरादे से घुसे थे क्योंकि जानकारी मिली है कि दोनों के घर के सामान बिखरे पड़े हैं. वहीं सूचना के घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची जिसे लेकर गांव वालों में काफी गुस्सा है. वहीं, जब इस घटना की खबर आला अधिकारियों को हुई तब मौके पर भारी पुलिसबल की तैनाती की गयी. साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुला लिया गया.
गांववालों का आरोप है कि इस मामले में ग्रामीणों ने जब मामले के एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा तो पुलिस ने पहले तो आरोपी को छोड़ दिया और फिर उल्टा गांववालों को ही डांट और फटकार लगाने लगी. फिलहाल, पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मामले की गहन जांच में जुट गयी है.
उत्तर प्रदेश में इस तरह की वारदात से राज्य सरकार पर कई सवाल खड़े होते हैं जैसे- ऐसी आपराधिक गतिविधियों के बीच मासूम जनता आखिर कैसे सुरक्षित रह पाएगी. प्रदेश की जनता अपने घर में भी सुरक्षित नहीं तो क्या अब जनता को अपने घर में भी मौत के घाट उतारा जाएगा.
