नई दिल्ली : भारत में कोरोना वायरस से पहली मौत का मामला सामने आया है. जहां कर्नाटक के कलबुर्गी में एक 76 वर्षीय शख्स की कोरोना की वजह से मौत हो गई. कर्नाटक सरकार ने इसकी पुष्टि की है. कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है.

कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कलबुर्गी 76 वर्षीय शख्स की मौत दो दिन पहले हुई थी जो कि कोरोना वायरस से संक्रमित था. इसका मतलब यह वायरस के कारण भारत में पहली मौत है. बता दें कि हाल ही में यह शख्स सऊदी अरब से वापस लौटा था, जिसके बाद इसमें कोरोना के लक्ष्ण पाए गए और उसे हैदराबाद इलाज के लिए भेजा गया था. कर्नाटक सरकार का कहना है कि तेलंगाना सरकार को भी इसके बारे में सूचित किया गया है.
भारत में अबतक 76 केस
भारत में अभी तक कोरोनावायरस के 76 मामलों की पुष्टि हुई है. जिसमें से 59 भारतीय हैं और 17 विदेशी (इटली और कनाडा से) हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने नोवल कोरोनावायरस को महामारी घोषित किया है, जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस पर कार्रवाई करने का आह्वान किया है.
