रामपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आजम खान के समर्थन में रामपुर पहुंचे. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, आजम खान पर जो जुल्म हो रहे हैं वो केवल राजनीति से प्रेरित हैं. हमारी सरकार बनते ही आजम खान से सारे मुकदमे वापस लिए जाएंगे.
बदले की भावना से काम हो रहा है
अखिलेश यादव ने कहा कि, बीजेपी सरकार बदले की भावना से काम कर रही है. अपनी नाकामी छिपाने और मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए रामपुर को राजनीति का केंद्र बनाया जा रहा है. आजम खान ने बीजेपी को हराया और उनका गुरुर तोड़ा है इसलिए उनसे बदले लिए जा रहे हैं.
क्या यूनिवर्सिटी बनाना गुनाह है?
आजम खान के पक्ष में खडे अखिलेश यादव ने कहा कि, आजम खान का कोई गुनाह नहीं हैं. उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है. आजम खान का गुनाह केवल ये है कि, उन्होंने आने वाली पीढ़ी के पढ़ने के लिए दुनिया की शानदार यूनिवर्सिटी बनाई है.
FIR कॉपी लेकर जा रहा हूं, कानून लड़ाई भी लड़ेंगे
अखिलेश यादव ने कहा कि, आजम खान पर जो भी मुकदमे किए गए हैं वो सब राजनीति से प्रेरित हैं. हमें कानून पर भरोसा है. अदालत में ये मामले नहीं टिक पाएंगे. मैं सभी मुकदमों की FIR कॉपी लेकर जा रहा हूं. संबंधित लोगों से कानून मदद भी ली जाएगी और सड़क पर भी ये लड़ाई लड़ी जाएगी.
