नई दिल्ली : जब बात लंबा सफर तय करने की आती है तो ज्यादातर लोग सस्ते और अच्छे जुगाड़ में जाना पसंद करते हैं, जिसके चलते ज्यादातर लोग ट्रेन से कहीं भी आना-जाना करते हैं. जिनमें से कई लोग ऑनलाइन ट्रेन बुक कर लेते हैं, तो कुछ रेलवे स्टेशन पहुंचकर ही टिकट खरीदते हैं, ऐसेमें बिना टिकट भी यात्री रेलवे स्टेशन में आसानी से एंट्री कर लेते हैं.
आपको बता दें कि देश के जाने-माने रेलवे स्टेशनों पर हवाई अड्डे के जैसे ही प्रवेश और निकास होगा. कोई भी व्यक्ति बिना वैध टिकट के स्टेशन परिसर में एंट्री नहीं कर सकेगा. इतना ही नहीं पटरी के दोनों ओर ऊंची दीवार बनाई जाएगी, जिससे फालतू लोग भीड़ न बढ़ा सकें.
भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग का नियम बदला, अब ये होगा प्रोसेस
सुरक्षा को लेकर लिया गया निर्णय
रेल मंत्रालय के अनुसार ट्रेन और स्टेशन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ये फैसला लिया गया है. जिसके चलते रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट की तरह सुरक्षा की जाएगी और आरपीएफ कमांडो को सीआईएसएफ कमांडो के जैसे ट्रेनिंग दी जा रही है. जिसके बाद ये कमांडो रेलवे स्टेशन के सभी प्रवेश और निकास गेटों पर तैनात रहेंगे.
सरकार द्वारा जारी किए गए 114 करोड़
इस नए नियम को लागू करने के लिए सरकार ने 114.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं. बता दें कि रेलवे स्टेशनों पर एक नया एक्सेस कंट्रोल सिस्टम रेलवे स्टेशनों पर लगाया जाएगा, जिससे केवल टिकट धारकों को ही परिसर के अंदर प्रवेश मिल पाएगा. इसके अलावा तीन हजार किलोमीटर की लंबाई वाली ऊंची दीवार भी पटरियों के दोनों तरफ बनेगी, जिससे कोई भी बाहरी व्यक्ति न आ सके.
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिदेशक अरुण कुमार ने कहा कि उनके लिए सुरक्षा प्राथमिकता है. अभी भी देश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के मद्देनजर काफी खामियां हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि ज्यादातर रेलवे स्टेशन पर सारी जगह खुली हैं, जिससे लोग कहीं से भी आ जाते हैं.
इन स्टेशन से होगी शुरुआत
इस मुख्य सुरक्षा की शुरूआत सबसे पहले गुजरात के गांधीनगर और भोपाल के हबीबगंज स्टेशन से होगी. उसके बाद मुंबई और दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इस सुरक्षा पर काम किया जाएगा.
