कानपुर. दीपावली से पहले ही जीका वायरस (Zika virus in Kanpur) ने कानपुर में बड़ा ‘विस्फोट’ कर दिया है. अब तक के सबसे अधिक 30 संक्रमित मिले हैं. चकेरी क्षेत्र के कंटेनमेंट जोन से भेजे गए सैंपल में जीका वायरल संक्रमण की पुष्टि हुई है. नए संक्रमितों में 10 महिलाएं और 20 पुरुष हैं. इसके साथ ही जीका संक्रमितों की कुल संख्या 66 हो गई है. स्वास्थ्य विभाग ने चकेरी क्षेत्र के जीका प्रभावित मोहल्ले हरजेंदर नगर, एयरफोर्स परिसर, पोखरपुर, लालकुर्ती, मोतीनगर, अशरफाबाद, आदर्शनगर आदि से सैंपल भेजे थे. सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने बताया कि 30 व्यक्तियों की रिपोर्ट जीका पॉजिटिव आई है. इनमें 10 महिलाएं हैं.
वहीं जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने जीका वायरस के रोकथाम के लिए नोडल ऑफिसर भी बनाए हैं जो इसकी मॉनिटरिंग कर केस हिस्ट्री को पता लगा रहे है.
जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर ने शुक्रवार को बताया कि कानपुर में 30 और लोगों में जीका वायरस का संक्रमण पाया गया है. उन्होंने बताया कि जिले में जीका वायरस के संक्रमण का पहला मामला पिछली 23 अक्टूबर को सामने आया था जब भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी इसकी चपेट में आए. तब से अब तक यह संख्या बढ़कर 66 हो गयी है. वायुसेना केन्द्र के आसपास के इलाकों में लोगों के नमूने एकत्र किये गये थे, जिन्हें जांच के लिये लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजा गया था.
