सुल्तानपुर: बीजेपी उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के एक धर्म विशेष के प्रति सुर बदल गए है। शनिवार को बंधुआकला जैसे मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में अपनी चुनावी सभा के दौरान उन्होंने मंच से कहा कि हमे यहां आप सभी की सख़्त जरूरत है, मैं एक दोस्ती का पैग़ाम लेकर के आई हूं।
आखिर क्यों बदले मेनका के सुर
दरअसल गुरुवार को शहर के मुस्लिम बाहुल्य तुराबखानी इलाके में मेनका ने मुस्लिम जाति के मतदाताओं को लेकर एक बयान दिया था जिसपर जिले की राजनीति और भी गर्मा गयी । मेनका गाँधी के बयान को लेकर मीडिया में खबर आने के बाद शुक्रवार को चुनाव आयोग ने मेनका के उस बयान को संज्ञान ले लिया जिसपर मामले की जिलाधिकारी से रिपोर्ट तलब कर मेनका गाँधी को नोटिस जारी किया था। आज चुनाव प्रचार के दौरान मुस्लिम इलाकों में लगने वाली जनसभाओं में मेनका गाँधी के सुर बदले बदले नजर आये ।
मुस्लिम मतदाताओं से अब क्या कहती नजर आयी मेनका
मेनका गांधी ने आज बंधुआँकला में मुस्लिम मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा की ” ये दोस्ती का पैग़ाम अभी से नहीं है जब से मैने अपनी राजनैतिक जिंदगी तीस साल पहले शुरू की तब से आजतक मैने आपको अपना ही समझा है” इस क्षेत्र में मैं एक ताक़त लेकर आई हूं और ये ताक़त आप सबके लिए है। जिन-जिन लोग को ऐसी मुसीबतें है जो ठीक नहीं होते हैं। जो लोग जूझ रहे हैं अन्याय को लेकर। मैने कभी नही देखा की कौन किस कौम का है कौन किस जाति का है। मेरी ताक़त सबके लिए है। मैं आपको ये निमंत्रण देती हूं की इस ताक़त में आप शामिल हो जाईए। ये सोचना कौन किस पार्टी का है, ये पार्टी नही मैं दोस्ती की ओर हमे यहां आपकी सख़्त जरूरत है, एक दोस्ती का पैग़ाम लेकर के आई हूं।
VIDEO: मेनका की मुसलमानों को धमकी, आपके बिना भी जीत रही हूं, काम कराना है तो वोट देना
मुस्लिम मतदातओं ने जाहिर की अपनी समस्या
बंधुआ कलां में परिवार कल्याण एवं बाल विकास मंत्री भाजपा की उम्मीदवार मेनका गांधी को अपने बीच पाकर हसनपुर गांव एवं बंधुआकला गांव के लोगों ने अपना दर्द उनसे बयां किया। लोगों ने कहा कि बिजली की यहां विकट समस्या है। इस शिकायत पर मेनका संजय गांधी ने अधिशासी अभियंता से बात कर समस्या का तत्काल निदान करने के लिए कहा।
चुनाव आयोग ने मेनका को नोटिस
वही मीडिया में खबर आने के बाद डीएम सुल्तानपुर के माध्यम से चुनाव आयोग ने मामले को संज्ञान में लिया था। डीएम दिव्य प्रकाश गिरी ने बताया था कि मेनका के बयान वाले वीडियो की जांच हो रही है। इस क्रम में एसडीएम हर्षदेव पांडेय ने बताया है कि सहायक निर्वाचन अधिकारी रामजी लाल ने भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी को नोटिस जारी की है। प्रशासन को है अब मेनका के जवाब का इंतजार है।
सुल्तानपुर से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
