अमेठी: योगी सरकार के प्रवक्ता और स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि जिसके मां-बाप की शादी चर्च में हुई हो, वह हिंदू कैसे हो सकता है? प्रियंका गांधी के मंदिर भ्रमण पर सवाल उठाते हुए सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि प्रियंका गांधी कैसे मंदिरों के दर्शन कर रही हैं और हिंदुत्व की बात कर रही है, यह बात उनकी समझ से परे हैं.
प्रियंका के संस्कारों में है कमी
सिद्धार्थ नाथ सिंह गौरीगंज में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिसका पति, मां और भाई जमानत पर हो, वो भी ‘चौकीदार चोर है’ का नारा लगा रही है. उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले जब प्रियंका वाराणसी दौरे पर थी तो उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर अपने गले से माला निकालकर डाली थी. यह सारी बात जाहिर करती है कि प्रियंका गांधी के संस्कारों में कमी है.
कौन हैं संजय निषाद ?, जिन्होंने माया अखिलेश के गठबंधन को मुश्किल में डाला
15 सालों से अमेठी राहुल को झेल रही है.
सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी की जनता कैसे झेल रही है, यह बात उनकी समझ से परे है. राहुल अपनी सांसद निधि के 25 करोड़ में से मात्र नौ करोड़ रुपये ही खर्च कर पाये हैं. बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी के अमेठी से जुड़ने के बाद यहां के विकास को गति मिली. मंत्री ने युवाओं से अपील की आप लोग एकजुट होकर कांग्रेस के ‘युवराज’ को यहां से विदा करो और अमेठी से स्मृति ईरानी को जिता कर संसद भेजो.
