लखनऊ : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शनिवार को एक भीषण हादसा होते-होते बच गया. कमलगंज स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर राजेपुर गांव के पास शनिवार सुबह लगभग 6.15 एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. इस घटना में रेल गार्ड के गंभीर रुप से घायल होने की जानकारी मिली है. मालगाड़ी के रेलवे ट्रैक से उतरने की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गार्ड को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया.
रेलवे रूट हुआ प्रभावित
हादसे के कारण 500 मीटर से अधिक रेलवे ट्रैक उखड़ गया है, जिसके चलते इस रूट पर सभी यात्री ट्रेनों को रोक दिया गया है. एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण फरुखाबाद-कानपुर मार्ग पर रेल सर्विस प्रभावित हुई है.
