मेरठ. उत्तर प्रदेश पुलिस (Uttar Pradesh Police) सुर्खियों में आने का कोई मौका नहीं छोड़ती है. चाहे वो बदमाशों को अनोखे अंदाज में हिरासत में लेना हो या फिर मुंह से गोली की आवाज निकालनी हो. अब अनोखे अंदाज के लिए मेरठ जिले के थानेदार पूरे सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. थानेदार ने सोशल मीडिया (Social Media) पर जारी एक पोस्ट में लिखा है कि उनका थाना भ्रष्टाचार मुक्त है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्ट में थानेदार ने लिखा है उनका थाना भ्रष्टाचार से पूर्ण रूप से मुक्त है… दलालों के चंगुल में ना आयें और कोई भी शिकायत हो तो उन्हें अवगत कराएं.
खास बात ये है कि वायरल हो रहे इस पोस्ट में एसएसपी ने खुद अपनी ही फोटो लगाई है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ये पोस्ट थानेदार चौधरी विजेंद्र पाल राणा ने लिखा है. थानेदार ने लिखा, ‘पुलिस से नजरें बचाकर अगर कहीं भी कोई अनैतिक कार्य हो रहा है तो कृपया थाना सदर बाजार के सरकारी नंबर 945440 3995 पर सूचित करें. आपका नाम पता गुप्त रखा जाएगा और संबंधित के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी. नीचे लिखा हुआ है चौधरी विजेंद्र पाल राणा प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार.’
इस पोस्ट को लेकर के मेरठ में चर्चाओं का बाजार गर्म है. लोग थाना बाजार सदर की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स थानेदार की तारीफों के पुल बांध रहे हैं. एक यूजर का कहना है कि जब कोई आपकी तारीफ न करें तो भी आप आगे बढ़ें तो ये सबसे बड़ी काबिलियत है.
