नई दिल्ली. दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए सरकार ने राजधानी में येलो अलर्ट जारी कर दिया है. दिल्ली में येलो अलर्ट जारी होने के बाद कई पाबंदियां भी लगा दी गई हैं. सरकार के इस फैसले के बाद दिल्ली मेट्रो ने अपनी सेवाओं पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं. दिल्ली मेट्रो में अब सिर्फ 50 फीसदी सीटों पर ही बैठकर यात्रा की जा सकती है, इसके अलावा अब मेट्रो ट्रेन में किसी भी यात्री को खड़े होकर यात्रा करने की इजाजत नहीं होगी.
दिल्ली मेट्रो द्वारा सेवाओं पर लगाई गई पाबंदी के बाद शहर के सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के बाहर यात्रियों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं. नए नियमों के बाद जहां एक तरफ मेट्रो स्टेशन और मेट्रो ट्रेन में तो नियमों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है, लेकिन मेट्रो स्टेशन के बाहर नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.
ये भी पढ़ेंः- UP विधानसभा चुनावों से टला संकट, तय समय पर होंगे चुनाव, ये हैं नए नियम
मेट्रो स्टेशन के बाहर खड़े यात्री सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं. इसके अलावा ऐसे यात्रियों की संख्या भी काफी ज्यादा है, जो बिना मास्क पहने ही लाइनों में खड़े होकर स्टेशन में एंट्री मिलने का इंतजार कर रहे हैं. कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए दिल्ली मेट्रो ने 15 फ्लाइंग स्क्वॉयड तैनात किए हैं.
स्टेशन और ट्रेन में बिना मास्क पकड़े जाने पर लग रहा जुर्माना
टीवी9 भारतवर्ष के साथ बातचीत करते हुए दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली मेट्रो के सभी मेट्रो स्टेशन के कुल एंट्री गेट की संख्या 712 है, पाबंदी के बाद 712 में से 444 गेट से ही यात्रियों को स्टेशन में एंट्री दी जा रही है और बाकी सभी गेटों को बंद कर दिया गया है.
