नई दिल्ली: दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन के बाद अब दिल्ली में पार्टी की कमान किसके हाथों में जाएगी इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. खास बात ये है कि इस चर्चा में पार्टी के सेलिब्रिटी नेता नवजोत सिंह सिद्धू और शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी जुड़ गया है. कहा जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी को थामने के लिए बाहर से भी नया अध्यक्ष लाने का फैसला लिया जा सकता है.
शून्य हो गई है कांग्रेस
बता दें कि शीला दीक्षित के निधन के बाद दिल्ली में कांग्रेस की स्थिति शून्य हो गई हैं. दिल्ली को संवारने वाली और कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी कही जाने वाली शीला के निधन के बाद पार्टी के सामने यह सवाल है कि अब कौन सत्ता को संभालेगा. बता दें कि शीला दीक्षित को इसी साल जनवरी में प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई थी.
इन नेताओं का भी नाम चर्चा में
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नए अध्यक्ष के तौर पर जिन नामों की चर्चा है उनमें पूर्व सांसद व पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल प्रमुख हैं. कहा जा रहा है कि संगठन चलाने के उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें फिर से कमान दे सकती है. पूर्वाचल नेता के तौर पर पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के नाम पर चर्चा हो रही है. एक और नाम पूर्व मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली का है.
