वाराणसी: नेपाल के प्रधानमंत्री के बयान के बाद भारत में रहने वाले नेपालियों पर मुसीबत आ पड़ी है. इधर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विश्व हिंदू सेना नाम के संगठन के लोगों ने नेपाल का नागरिक का ना केवल सिर मुंडवाया बल्कि उसके सिर पर जय श्रीराम भी लिखवा दिया. इन लोगों ने नेपाली युवक से अपने संगठन औऱ भारत माता जिंदाबाद के नारे भी लगवाए और नेपाल के प्रधानमंत्री ओली के खिलाफ नारेबाज भी करवाई.
वीडियो बनाकर किया वायरल
कथित हिंदूवादी संगठन विश्व हिंदू सेना ने इस बर्बर घटना का वीडियो भी बनाया और उसको सोशल मीडिया वायरल भी किया. दरअसल, वीडियो में गंगाघाट का नजारा नजर आ रहा और पीछे खड़े संगठन के लोग उससे अपने संगठन और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाते दिख रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बद पुलिस भी एक्शन में आई और इस संगठन के अध्यक्ष समेत इस घटना में शामिल तमाम लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी में जुट गई है.
पोस्टर लगाकर बिगाड़ रहे फिजा

इस संगठन ने वाराणसी में जगह-जगह पोस्टर लगाकर लोगों को चेतावनी दी थी. नेपाली मंदिर के बाहर लगाए गए चेतावनी भऱे पस्टर में लिखा था कि, नेपाली प्रधानमंत्री ओली प्रभु श्रीराम के बारे में दिए गए बयान को वापस लें अन्यथा इसका परिणाम भारत में रहने वाले नेपालियों को भुगतना होगा.
