लखनऊ/सीतापुर: पीपल के पेड़ को लेकर तो वैसे भी तमाम कहानियां प्रचलित हैं. लेकिन राजधानी लखनऊ से सटे सीतापुर में पीपल का एक पेड़ चारों तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है. हुआ ये कि, महीनों से सड़क पर पड़ा पेड़ अचानक खड़ा हो गया. यहां अब मेले जैसा माहौल है और लोग पीपल के पेड़ की पूजा कर रहे है. भीड़ ने आस-पास डेरा जमा लिया है और तो और मंदिर निर्माण की कवायद भी जोरों पर है. क्षेत्र के त्यागी बाबा अपने समर्थकों के साथ भजन कीर्तन कर रहे हैं.
बता दें कि, सीतापुर के विकासखंड रेउसा के सुकेठा गांव से हाईवे निकलना प्रस्तावित हुआ है. इसके चौड़ीकरण के लिए सड़क के बीच में आ रहे पीपल के इस पेड़ को काट दिया गया था. तभी से पीपल का ये तना सड़क पर पड़ा था. लेकिन करीब 3 महीने से सड़क पर पड़ा पीपल का तना वृहस्पतिवार की शाम अचानक तनकर खड़ा हो गया. इसके बाद भीड़ का सैलाब जमा हो गया लोग इसे चमत्कार बताकर पीपल की पूजा करने लगे. दूर दराज के लोग भी पीपल के इस पेड़ को देखने के लिए आ रहे हैं. इतना ही नहीं अब उस जगह पर पूजा-अर्चना भी शुरू हो गई है. आस-पास के तमाम लोग इसे इश्वरीय चमत्कार बता रहे हैं.
वहीं वैज्ञानिक इसे चमत्कार के बजाए वैज्ञानिक कारण बता रहे हैं. वैज्ञानिकों का कहना है कि, एक तरफ वजन कम होने के कारण पीपल का कटा हुआ तना खड़ा हो गया होगा. कई बार भार कम ज्यादा होने की वजह से ऐसा हो जाता है. पेड़ के ऊपर का वजन कम और नीचे का भार ज्यादा होने की वजह से पेड़ सीधा हो गया है. वही डीएफओ अनिरुद्ध पांडेय को इस घटना की जानकारी ही नहीं है.
दरअसल, पीपल के इस तने की चौड़ाई करीब 100 फीट है और वजन 500 किलो से ज्यादा और इसके तने की उंचाई करीब 30 फीट है.
