नई दिल्ली : पिछले कुछ दिनों से छायी धुंद और दिवाली पर वायु प्रदूषण बढ़ने के बाद से दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन लागू करने की योजना तैयार कर ली है. दिल्ली सरकार का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो दिल्ली में एक बार फिर से ऑड-ईवन फार्मूला लागू किया जायेगा. जानकारी के मुताबिक सरकार समस्या को लेकर काफी सतर्क है और उसने प्रदूषण से निपटने के लिए सारे इंतजाम कर रखे हैं अगर दिल्ली का 48 घंटे में वायु स्तर अर्थात गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर बनी रहती है तो दिल्ली सरकार ऑड-ईवन योजना लागू कर सकती है. इस दौरान सीएनजी वाहन व दुपहिया वाहनों समेत सार्वजिक वाहनों को योजना के दायरे से बाहर रखा जायेगा.
जबकि भारी वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक सरकार पहले ही लगा चुकी है जोकि बृहस्पतिवार रात 11 बजे से 11 नवंबर की रात 11 बजे तक ट्रकों सहित तमाम भारी वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगी हुई है. हालांकि यह प्रतिबंध आवश्यक वस्तुओं को लेकर आ रहे वाहनों पर लागू नहीं किया गया है जिससे की जनता को रोज़मर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीज़ों की सप्लाई बाधित न हो.
दिल्ली में प्रदूषण के खराब होते स्तर को देखते हुए पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (ईपीसीए) की ओर से ट्रकों सहित तमाम भारी वाहनों और मध्यम दर्जे के माल ढुलाई करने वाले वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर पाबंदी लगाने के निर्देश दिए गए थे. जिससे की प्रदूषण में कमी आ सके.
इस प्रतिबंध के बाद से 11 नवंबर की रात तक दिल्ली में तक़रीबन तीन लाख वाहनों को प्रवेश नहीं मिल पायेगा. प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति में सुधार की उम्मीद के मद्देनजर यह फैसला लिया गया था. इस सन्दर्भ में दिल्ली पुलिस ने हरियाणा व यूपी पुलिस से संपर्क साधा जिससे की भारी ट्रकों को दिल्ली से दूर ही रोका जा सके.
ईपीसीए के निर्देश मिलने के बाद दिल्ली सरकार ने नगर निगमों और दिल्ली पुलिस से भी इसे सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं. प्रतिदिन करीब 90 हजार ट्रक व अन्य भारी वाहनों समेत मध्यम दर्जे के माल ढुलाई करने वाले वाहनों का दिल्ली में प्रवेश होता है. भारी वाहनों की वजह से प्रदूषण में और बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए यह प्रतिबंध लागू किया गया है.
प्रतिबन्ध के अनुसार दिल्ली की सभी सीमाओं से लगते टोल बूथों से ट्रकों सहित तमाम भारी और मध्यम दर्जे के वाहनों को प्रवेश से रोका जाएगा.
इस प्रतिबन्ध में आवश्यक वस्तुएं लाने वाले ट्रकों पर पाबंदी नहीं लगायी गयी है.इस दौरान रोज फल, सब्जी, दूध, दवाएं सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं लेकर आने वाले ट्रकों पर पाबंदी नहीं लगायी गयी हैं.जिससे की दिल्ली की जनता के खानपान की व्यवस्था में बाधा न आये. दिल्ली सरकार ने पहले भी प्रदूषण और दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक की वजह से ऑड-ईवन लागू किया था,जिसको कई विपक्षी एवं बड़े नेताओं ने तोडा था.
